फसल मुआवजे को लेकर किसानों का प्रदर्शन
काशीपुर में बीते माह हुई ओलावृष्टि एवं बेमौसम बारिश से बर्बाद फसलों का मुआवजा नहीं मिलने के विरोध में किसानों ने पद्रर्शन किया।
जासं, काशीपुर: बीते माह हुई ओलावृष्टि एवं बेमौसम बारिश से बर्बाद फसलों का मुआवजा नहीं दिए जाने से आक्रोशित किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया। सरकार से मुआवजा दिए जाने की मांग की। विगत माह हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से किसानों की मटर, गन्ना आदि की कई एकड़ फसलें नष्ट हो गई थी। किसानों की बर्बाद हुई फसल पर स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने फसल के बर्बाद ना होने की गलत रिपोर्ट लगाकर शासन व प्रशासन को गुमराह किया। जिससे आक्रोशित किसानों ने जसपुर विधायक आदेश चौहान के नेतृत्व में कुंडा थाना क्षेत्र में एकत्र होकर प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। फसल नष्ट होने के बाद में अधिकारी अपनी लापरवाही दिखाते हुए गलत रिपोर्ट लगाकर किसानों की मेहनत पर पानी फेरने काम करते हैं। विधायक आदेश चौहान ने कहा कि ऐसे भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ प्रदेश सरकार को कार्यवाही करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार से किसानों की बर्बाद फसल का मुआवजा दिए जाने की भी मांग की। किसान विकास क्लब के प्रदेश अध्यक्ष अरुण शर्मा ने कहा कि मुआवजा न मिलने से किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। प्रदर्शन करने वाले में रवि डोगरा, मोहम्मद हनीफ, भूपेंद्र सिंह, दर्शन सिंह देवल, धर्म सिंह, विजय मक्कड आदि शामिल थे।