दिनेशपुर में मामा के घर आई दो वर्षीय मासूम की तालाब में डूबने से मौत, परिवार में मचा कोहराम
दिनेशपुर में अपने मामा के घर आई दो वर्षीय बच्ची खुशी की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
दो वर्षीय बच्ची खुशी की तालाब में डूबने से मौत।
दिनेशपुर में अपने मामा के घर आई थी बच्ची।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार कर अंतिम संस्कार किया।
जागरण संवाददाता, दिनेशपुर। मामा के घर स्वजनों के साथ घूमने आई दो वर्षीय बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार बाजपुर निवासी गौरांग मिस्त्री की दो वर्षीय पुत्री खुशी अपने स्वजनों के साथ खटोला निवासी अपने मामा नीलू के घर आई थी।
रविवार देर शाम करीब चार बजे खेलते-खेलते बच्ची अचानक लापता हो गई। परिवार जनों ने आसपास सड़क और गांव में काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।देर शाम ग्रामीणों को तालाब के पास बच्ची की चप्पल दिखाई दी।
इसके बाद अनहोनी की आशंका में लोगों ने तालाब में तलाश शुरू की। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद बच्ची को तालाब से बाहर निकाला। परिजन तत्काल उसे दिनेशपुर के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर चिकित्सकों ने बच्ची को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया।स्वजनों ने हादसा बताते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद गमगीन माहौल में परिजनों ने बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया।
