बिछ गई चुनावी बिसात, महारथी तैयार
संवाद सहयोगी खटीमा त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का कार्यक्रम तय होते ही चुनावी बिसात बिछ गई है।
संवाद सहयोगी, खटीमा: त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का कार्यक्रम तय होते ही चुनावी बिसात बिछ गई है। अलग-अलग पदों पर चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों ने मोर्चा संभाल लिया है। वे मतदाताओं के घर-घर दस्तक देने लगे हैं। इसके अलावा गांवों में चौपाले भी सजने लगी हैं। जिन पर चुनावी चर्चाओं का जोर है।
निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की तिथियां घोषित कर दी हैं। सीमांत विकास खंड में आखिरी चरण यानी 16 अक्टूबर को मतदान होगा। यूं तो गांवों में दावेदार काफी समय से सक्रिय हैं। हालांकि कार्यक्रम तय होने के बाद चुनावी सरगर्मी एकाएक खासी बढ़ गई है। गांवों के गली मोहल्लों में विभिन्न पदों के प्रत्याशियों के बैनर, पोस्टर व होर्डिग दिखाई देने लगे हैं। इसके साथ ही दावेदारों ने समर्थकों के जत्थों के साथ घर-घर जाकर जनसंपर्क भी शुरु कर दिया है। राजनीतिक दिग्गज अपने समर्थकों को विभिन्न पदों पर आसीन कराने के लिए मैदान में उतर पडे़ हैं। जिला पंचायत सदस्य पदों को लेकर सबसे अधिक उत्सुकता बनी हुई है। माना जा रहा है कि प्रमुख सियासी दल जिला पंचायत सदस्य पदों पर पार्टी के सिबल पर अपने प्रत्याशी मैदान में उतार सकते हैं। ऐसे में राजनैतिक दलों का सिबल हासिल करने के लिए भी जोर आजमाईश होने लगी है। इस पद के दावेदार सिबल के लिए अपने सियासी आकाओं की परिक्रमा करने में जुट गए हैं।