रैंकिग में पंत विवि को तीसरा स्थान
संवाद सहयोगी पंतनगर देश में हरित क्रांति के जनक रहे गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी
संवाद सहयोगी, पंतनगर: देश में हरित क्रांति के जनक रहे गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आइसीएआर) की रैंकिग में देश के कृषि विश्वविद्यालयों में तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को विवि के कुलपति डॉ. तेज प्रताप को आइसीएआर के 91वें स्थापना दिवस पर पुरस्कार वितरण समारोह एवं अभिनव किसान सम्मेलन में यह अवार्ड प्रदान किया। इस अवसर पर कृषि राज्य मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला एवं कैलाश चौधरी भी मौजूद रहे। इस समारोह का आयोजन आइसीएआर के पूसा (नई दिल्ली) स्थित एनएएससी कांप्लेक्स में किया गया। कुलपति डॉ. प्रताप ने अवार्ड प्राप्त कर विवि के सभी कार्मिकों को बधाई देते हुए कहा कि, पंतनगर विवि देश का पहला कृषि विश्वविद्यालय है। इसने अपनी स्थापना से ही अपने अभिनव कार्यक्रमों एवं पाठयक्रमों से देश के अन्य कृषि विश्वविद्यालयों का मार्गदर्शन किया है। आइसीएआर द्वारा विश्व के विश्वविद्यालयों के ढांचे में भारतीय कृषि विश्वविद्यालयों का स्तर सुधारने के उद्देश्य से देश के सभी कृषि विश्वविद्यालयों की रैंकिग करती है। आज पंत विवि में 133 उपाधि कार्यक्रम संचालित हैं। इनमें 14 स्नातक, 69 मास्टर्स एवं 50 पीएचडी पाठक्रमों में शिक्षण कार्य हो रहा है। विवि अपने विभिन्न शोध केंद्रों द्वारा 167 शोध परियोजनाएं संचालित कर रहा है।