कार व दस लाख न देने पर महिला को लगा दिया नशे का इंजेक्शन
जागरण संवाददाता काशीपुर दहेज में शिफ्ट डिजायर कार व 10 लाख न देने पर ससुरालियों ने न
जागरण संवाददाता, काशीपुर : दहेज में शिफ्ट डिजायर कार व 10 लाख न देने पर ससुरालियों ने न केवल महिला के साथ मारपीट की, बल्कि जान मारने की नीयत से उसे नशे का इंजेक्शन लगा दिया था। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने छह ससुरालियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला महेशपुरा, सब्जी मंडी, काशीपुर निवासी शालू पुत्री राकेश कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 15 नवंबर 2017 को उसकी शादी एल-43 सेल टैक्स कालोनी, रामगंगा विहार मुरादाबाद उप्र निवासी अजीत कुमार पुत्र स्व. अशोक कुमार के साथ हुई थी। हैसियत के हिसाब से परिजन दहेज दिया था। शादी के कुछ दिन बाद से ही ससुराली उसे दहेज में शिफ्ट डिजायर कार व 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। दहेज देने में असमर्थता जताने पर आरोपितों ने उसे दहेज के लिए मारपीट कर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इस बीच उसने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद आरोपित उसका उत्पीड़न करने लगे। इतना ही नहीं, ससुरालियों ने उसे जान से मारने की नीयत से नशे का इंजेक्शन लगा दिया। ससुरालियों के उत्पीड़न से आजीज आकर वह अपने मायके चली गई। तीन मार्च 2019 को सुबह करीब साढ़े 11 बजे पति अजीत, सास प्रेमलता, बहनोई राजन पुत्र नामालूम निवासी ऋषिकेश, मनीष पुत्र नामालूम निवासी दिल्ली, बहन सुनीता व डोली उसके घर आए और कहने लगे कि शिफ्ट डिजायर कार देकर मामले को निपटा लो, नहीं तो अजीत को तलाक दे दो। 24 मार्च 2019 को पति अजीत शराब के नशे में जबरन घर में घुसकर मारपीट करने लगा। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपितों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी व दहेज एक्ट में केस दर्ज कर लिया है।