पहाड़गंज अस्थाई पुलिस चौकी में चोरी, तीन गिरफ्तार
जागरण संवाददाता रुद्रपुर शहर में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। आलम य
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर: शहर में चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही है। आलम यह है कि चोरों ने घर, दुकान के बाद अब सीधे पुलिस चौकी को ही निशाना बना लिया है। नशे के लिए चोरों ने पहाड़गंज की अस्थाई पुलिस चौकी की खिड़की तोड़कर हजारों का सामान चुरा लिया। इसका पता चलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आनन फानन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया।
शहर में अपराधिक वारदात पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस महकमे ने पहाड़गंज, भदईपुरा, खेड़ा, जगतपुरा में अस्थाई पुलिस चौकी बनाई गई है। पहाड़गंज अस्थाई चौकी में फिलहाल कोई तैनाती नहीं थी और ताला लगा हुआ था। जहां पर पंखा, आरटी सैट बैटरी समेत आदि सामान रखा हुआ है। कोतवाल कैलाश भटट ने बताया कि शुक्रवार रात चोरों ने पहाड़गंज चौकी की खिड़की की जाली तोड़कर हजारों का सामान चुरा लिया। बाद में पुलिस कर्मी गश्त करते हुए पहाड़गंज पहुंचे तो चौकी की खिड़की की जाली कटी हुई मिली। जब अंदर गए तो एक पंखा और आरटी सैट बैटरी गायब थी। इस पर गश्त कर रहे पुलिस कर्मियों ने अधिकारियों को सूचना दी। साथ ही पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी। कोतवाल कैलाश भटट ने बताया कि शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने किच्छा रोड कल्याणी नदी पुल के पास से तीन युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने चौकी में चोरी की बात कबूल की। साथ ही उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चौकी से चोरी सामान बरामद कर लिया। पुलिस पूछताछ में उन्होंने अपना नाम रम्पुरा निवासी अंशुल पुत्र भगवान सहाय, पहाड़गंज निवासी सद्दाम पुत्र साबिर तथा खेड़ा निवासी सगीर पुत्र अजीज अहमद बताया। बताया कि वह नशे के लिए चोरी करते हैं। बाद में पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप