यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
उत्तराखंड के युवक की लूट के इरादे से हरियाणा में निर्मम हत्या, सीएम धामी ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से की बात
टिहरी गढ़वाल के घनसाली निवासी साहिल बिष्ट की हरियाणा के अंबाला में लूट के दौरान हत्या कर दी गई। साहिल ...और पढ़ें

HighLights
- घनसाली निवासी साहिल बिष्ट की हरियाणा में हत्या
- लूट के इरादे से बदमाशों ने किया हमला
- मुख्यमंत्री ने न्याय और मदद का दिलाया भरोसा
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। विकासखंड भिलंगना की पट्टी बासर, तहसील बालगंगा क्षेत्र में ग्राम पंचायत तिसरियाड़ा निवासी साहिल बिष्ट (30) पुत्र देवराज सिंह बिष्ट की हरियाणा के अंबाला में लूट के इरादे से निर्मम हत्या कर दी गई है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर और आक्रोश का माहौल है।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार साहिल बिष्ट अंबाला में एक होटल में कार्य करता था। बीते बुधवार 13 अगस्त को रोजाना की तरह वह रात ड्यूटी समाप्त कर अपने कमरे की ओर जा रहा था। लेकिन इस दौरान बदमाशों ने लूटपाट के इरादे से उस पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
राज्य आंदोलनकारी और वरिष्ठ अधिवक्ता लोकेंद्र दत्त जोशी ने बताया कि साहिल बिष्ट एक गरीब परिवार से था। उनके पिता देवराज सिंह बिष्ट लंबे समय से बीमार हैं और परिवार की आजीविका साहिल की कमाई पर ही निर्भर थी। इस घटना से न केवल परिवार सहित पूरा क्षेत्र गहरे सदमे में है।
मदद के लिए आगे आए सीएम धामी
घटना की गंभीरता को देखते भाजपा नेता जयवीर मिंया ने तत्काल मुख्यमंत्री से मुलाकात की और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आग्रह किया। जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरियाणा सरकार के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से दूरभाष पर वार्ता कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी का अनुरोध किया है। साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद का भरोसा दिया है।
वहीं स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए सरकार से अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने गरीब माता-पिता की हर संभव आर्थिक और सामाजिक सहायता सुनिश्चित करने की अपील की।
