आखिरकार पकड़ा गया मां का हत्यारोपित बेटा, एक माह तक उत्तराखंड के जंगलों में भटका... पुलिस ने ड्रोन से ढूंढा
नई टिहरी में अपनी मां की हत्या के एक महीने बाद फरार चल रहे आरोपी बेटे अजय सजवाण को पुलिस ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। कोतवाली नई टिहरी अंतर्गत विकासखंड जाखणीधार के कोटी खास में मां की हत्या के बाद करीब एक माह से फरार चल रहे आरोपित बेटे को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस टीम ने ड्रोन कैमरे की मदद से जाखणीधार क्षेत्र के जंगलों में सघन सर्च अभियान चलाया और आरोपित को जंगल से दबोच लिया। आरोपित की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है।
बीते 28 जुलाई को कोटी खास के भटगांव में 52 वर्षीय डुग्गा देवी पत्नी स्व. गुलाब सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किए जाने की बात सामने आई थी। स्वजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के बड़े पुत्र अजय सजवाण के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था।
जंगलों में भटकता रहा
घटना के बाद से ही आरोपित फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपित मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा था और पूर्व में भी कई-कई दिनों तक घर से गायब होकर जंगलों में भटकता रहा है। इसी कारण पुलिस को उसके आसपास के जंगलों में छिपे होने की आशंका थी। आरोपित की तलाश में पुलिस की कई टीमों ने जंगलों में कांबिंग अभियान चलाया।
वन विभाग और एसडीआरएफ की मदद से संभावित ठिकानों को भी खंगाला गया। पुलिस ने तलाश अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरे का सहारा लिया। जिसके बाद जाखणीधार क्षेत्र के जंगलों में ड्रोन से सर्च अभियान के दौरान पुलिस को आरोपित की मौजूदगी का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि आरोपित के जंगलों में छिपे होने और उसके पास दरांती होने की सूचना से आसपास के ग्रामीणों में भी भय का माहौल था। करीब एक माह तक लगातार फरार रहने के कारण पुलिस के सामने भी उसे पकड़ने की चुनौती बनी हुई थी।
एसएसपी टिहरी श्वेता चौबे ने बताया कि मामले में गिरफ्तारी के बाद आरोपित से पूछताछ कर घटना के कारणों और हत्या में प्रयुक्त वस्तु समेत अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जाएगी। जिसके बाद अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें- Roorkee Sisters Murder Case: बहनों के कारण टूटा था रिश्ता... तमंचा खरीद पांच दिन तक की रेकी, फिर खेला खूनी खेल
