कई जगह संकट में भी मुनाफाखोरी, प्रशासन मूक
जागरण टीम गढ़वाल कोरोना संक्रमण के चलते इस समय लोगों का जीवन संकट में पड़ा हुआ है व
जागरण टीम, गढ़वाल: कोरोना संक्रमण के चलते इस समय लोगों का जीवन संकट में पड़ा हुआ है, वहीं इस दौरान भी कई दुकानदार मुनाफाखोरी से बाज नहीं आ रहे हैं। कई दुकानदारों ने तो रेट लिस्ट तक चस्पा नहीं की है। जिम्मेदार अधिकारियों ने भी ऐसे दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जहमत नहीं उठाई है।
उत्तरकाशी : लॉकडाउन के बीच राशन और सब्जी के मूल्य बढ़ते जा रहे हैं। सरकार के आदेश के बावजूद कई दुकानदार बाहर से सामान न आने की बात कहकर मुनाफाखोरी कर रहे हैं। उत्तरकाशी शहर में मंगलवार को दैनिक जागरण ने अधिकांश किराना की दुकानों में जाकर देखा तो रेट लिस्ट नहीं मिली। रामलीला मैदान में सब्जी की दुकानों में रेट लिस्ट नहीं थी। जबकि बाजार की सब्जी मंडी में रेट लिस्ट थी। लेकिन, कई सब्जियों के भाव में उछाल था। जबकि किराना दुकान स्वामियों ने आटा, चावल आदि की चीजों की दरों में उछाल आने की बात कही। जिला खाद्य आपूर्ति निरीक्षक गोपाल मटूड़ा ने मुनाफाखोरी करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
कोटद्वार: लॉकडाउन के दौरान आमजन को सही दामों पर चीजें दिलाने के लिए प्रशासन ने तमाम चीजों के दाम तय किए हैं। हालांकि कई दुकानों पर रेट लिस्ट नहीं है, लेकिन तय दरों से अधिक कीमत पर सामान मिलने की शिकायत नहीं है। हालांकि लॉकडाउन के शुरूआती दिनों में चीजों के दामों में खासा उछाल आया था। उपजिलधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों पर सामान की लिस्ट टांगने और निर्धारित कीमत पर सामान बेचने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर कार्रवाई की जाएगी।
नई टिहरी: नई टिहरी में प्रशासन की सख्ती के बाद जरूरी चीजों के दाम पर अंकुश लगा है। अधिकांश दुकानों में रेट लिस्ट लगी हुई थी। प्रशासन ने दाम तय किए हैं। मंगलवार को जिला पूर्ति विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग व बाट माप की टीम ने नई टिहरी, चंबा, कोटी कालोनी आदि बाजारों में सब्जी, राशन आदि दुकानों का संयुक्त निरीक्षण किया, जिसमें कोई कमी नहीं मिली। खाद्य सुरक्षा विभाग के अभिहीत अधिकारी एमएन जोशी ने बताया कि फिर भी शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी।
रुद्रप्रयाग: जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित दरों पर ही सब्जियां बिक रही हैं। प्रशासन की टीमें लगातार दुकानों में चेकिग कर रही हैं। डीएम मंगेश घिल्डियाल का कहना है कि कालाबाजारी की शिकायत पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
गोपेश्वर: शहर में अधिकांश दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा की गई है, हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह स्थिति नहीं है। लॉकडाउन के दौरान आटा-चावल के दाम में मामूली उछाल आया है। पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने कहा कि चीजें महंगी बिकने की शिकायतें नहीं आई हैं।