शहीद पृथ्वी सिंह जड़धारी को किया याद
संवाद सहयोगी, चंबा: पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर शहीद पृथ्वी सिंह जड़धारी को याद किया गया। पुलिस के ज
संवाद सहयोगी, चंबा: पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर शहीद पृथ्वी सिंह जड़धारी को याद किया गया। पुलिस के जवानों और विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भावपूर्ण स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
सोमवार को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर श्रीदेव सुमन राजकीय इंटर कॉलेज चंबा में शहीद पृथ्वी सिंह जड़धारी को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर पुलिस ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका स्मरण किया। प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा ने कहा कि शहीद पृथ्वी सिंह की शहादत पुलिस के जवानों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया था। उन्होंने कहा कि शहीद की याद में स्थानीय लोगों के सहयोग से अगली बार व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष इंद्र सिंह नेगी, प्रधानाचार्य सब्बल सिंह नेगी, धन सिंह नेगी, आरएस नेगी, जितेंद्र कुमार, योगेंद्र यादव आदि मौजूद थे।
-----
शहीद का परिचय
कांस्टेबल शहीद पृथ्वी सिंह प्रखंड चंबा के जड़धार गांव के रहने वाले थे। वे 15 जनवरी 1967 को बीएसएफ में भर्ती हुए। प्रशिक्षण के बाद वे बीएसएफ की 89वीं वाहिनी का हिस्सा बने। उनका निशानेबाजी और खेल में हमेशा अच्छा प्रदर्शन रहा। पांच अगस्त 1992 को जब वे असम के थीमगुटा क्षेत्र में कार्यरत थे तो उन्हें सूचना मिली की आसपास नक्सली आ धमके हैं और वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने वाले हैं। उन्होंने अपने साथियों के साथ नक्सलियों के ठिकानों पर धावा बोल दिया और बहादुरी के साथ लड़ते हुए कई नक्सलियों को मार गिराया। लेकिन इस दौरान वे खुद भी नक्सलियों के निशाने पर आ गए। लेकिन उन्होंने अपने प्राणों की चिता नहीं की और लड़ते हुए शहीद हो गए। तब से पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर चंबा में उनकी शहादत को याद कर हर साल श्रद्धांजलि दी जाती है।