23 साल का लंबा इंतजार खत्म, टिहरी गढ़वाल की घियाकोटी क्यार्दाचली सड़क के लिए ई-टेंडर जारी
टिहरी गढ़वाल के कंडीसौड़ में घियाकोटी-क्यार्दाचली मोटर मार्ग के 5 किमी अधूरे हिस्से के लिए 23 साल बाद ई-निविदा जारी हुई है।

फोटो को प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
घियाकोटी-क्यार्दाचली मोटर मार्ग के अधूरे हिस्से की ई-निविदा जारी हुई।
23 साल के लंबे इंतजार के बाद निर्माण की उम्मीद जगी।
आधा दर्जन गांवों को मिलेगी सड़क सुविधा, दूरी होगी कम।
संवाद सूत्र, कंडीसौड़(टिहरी गढ़वाल)। थौलधार विकासखंड की सुदूरवर्ती नगुण पट्टी के लालूरी-घियाकोटी-क्यार्दाचली मोटर मार्ग के अधूरे हिस्से के निर्माण की उम्मीद अब जग गई है। करीब 23 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद घियाकोटी से क्यार्दाचली तक पांच किलोमीटर लंबे मिसिंग लिंक के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग चंबा ने ई-निविदा आमंत्रित कर दी है। इससे क्षेत्र के आधा दर्जन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ने का रास्ता साफ होने की उम्मीद है।
लालूरी से घियाकोटी तक मोटर मार्ग का निर्माण वर्ष 2003 में किया गया था। वर्ष 2025 में इस मार्ग के सुधारीकरण एवं डामरीकरण के लिए तीन करोड़ रुपये स्वीकृत हुए थे, जिसका कार्य वर्तमान में प्रगति पर है। हालांकि, घियाकोटी से क्यार्दाचली तक 5.10 किलोमीटर सड़क का निर्माण नहीं होने से क्षेत्रवासियों को मोटर मार्ग का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा था।
इस मिसिंग लिंक के निर्माण से राज्य मार्ग सरोट-चापड़ा और राज्य मार्ग नगुण-भवान-मसूरी-देहरादून आपस में जुड़ जाएंगे। इससे देहरादून-मसूरी से उत्तरकाशी जाने वाले यात्रियों की दूरी करीब आठ किलोमीटर कम हो जाएगी। साथ ही मार्ग के बीच पड़ने वाले आधा दर्जन सुदूरवर्ती गांव भी मुख्य सड़क से जुड़ सकेंगे। इससे क्षेत्र के काश्तकारों को अपनी नकदी फसलें मंडियों तक पहुंचाने में भी सुविधा मिलेगी।
क्षेत्रवासी लंबे समय से करीब पांच किलोमीटर लंबे इस अधूरे मोटर मार्ग के निर्माण की मांग कर रहे थे। लोक निर्माण विभाग खंड चंबा की ओर से इसके निर्माण के लिए 1.71 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, जिसे सैद्धांतिक स्वीकृति मिल चुकी है। शासनादेश जारी होने की प्रत्याशा में अधीक्षण अभियंता, लोक निर्माण विभाग नई टिहरी की ओर से ई-निविदा भी जारी कर दी गई है।
ग्राम प्रधान घियाकोटी दिलचंद रमोला, पूर्व प्रधान बबीता देवी, सामाजिक कार्यकर्ता देवचंद रमोला, मैचंद रमोला का कहना है कि मोटर मार्ग के इस अधूरे हिस्से का निर्माण पूरा होने के बाद ही क्षेत्रवासियों को सुगम यातायात की सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने इसके लिए क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार और प्रदेश सरकार का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा।
मिसिंग लिंक के निर्माण के लिए ई-निविदा आमंत्रित कर दी गई है। शासनादेश भी शीघ्र जारी होने की संभावना है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने और धनराशि उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। - अमित रोशिया, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग, खंड चंबा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।