गढ़वाली फैशन शो से रैंप पर बिखरे लोक संस्कृति के रंग
टिहरी झील महोत्सव में स्थानीय महिलाओं ने रैंप पर उतरकर गढ़वाली फैशन के रंग बिखेरे। फैशन-शो में जाखणीधार की प्रमुख बेबी असवाल ने भी प्रतिभाग किया।
नई टिहरी, [जेएनएन]: देश-दुनिया के फैशन डिजायनर भी तब गढ़वाली फैशन के मुरीद हो गए, जब टिहरी झील महोत्सव में स्थानीय महिलाओं ने रैंप पर उतरकर गढ़वाली फैशन के रंग बिखेरे। पहाड़ के पारंपरिक पहनावे और आभूषणों से लकदक स्थानीय महिलाओं ने जब रैंप पर कैटवॉक किया तो पूरा पंडाल तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा। फैशन-शो में जाखणीधार की प्रमुख बेबी असवाल ने भी प्रतिभाग किया।
कोटी कॉलोनी में चल रहा टिहरी झील महोत्सव आंचलिक फैशन के रंग में रंगा रहा। विदेशी मॉडल ने रैंप पर कैटवॉक कर फैशन-शो की शुरुआत की। इसके बाद जैसे ही गढ़वाली फैशन-शो शुरू हुआ तो पूरा पांडाल तालियों की गडग़ड़ाहट में डूब गया।
विकासखंड जाखणीधार की प्रमुख बेबी असवाल की नेतृत्व में स्थानीय महिलाओं और जन प्रतिनिधियों ने रैंप पर कैटवॉक किया। इनमें पूर्व प्रमुख अनीता कंडियाल, भाजपा महिला मोर्चा की सुषमा उनियाल, निवर्तमान सभासद कुसुम चौहान, मीरा सकलानी, शीला चौहान आदि प्रमुख थीं।
फैशन-शो में डीएम सोनिका और सीडीओ आशीष भटगाईं भी मौजूद रहे। उधर, टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि इस फैशन-शो से गढ़वाल की संस्कृति को नई पहचान मिलेगी और देश के नामी फैशन डिजायनर गढ़वाली पहनावे को प्रमोट करने के लिए आगे आएंगे। इस तरह के आयोजनों से हम न केवल टिहरी, बल्कि पूरे पहाड़ की ब्रांडिंग कर सकते हैं।
लाइव रॉक बैंड में मंडाण की धूम
स्विस कॉटेज के पास लाइव रॉक बैंड-शो में जागर और गढ़वाली लोक नृत्य मंडाण की धूम रही। बाहर से आए पर्यटकों ने भी हिस्सा लिया और लोक लहरियों पर जमकर थिरके। लोक गायक धनराज ने अपनी गीत प्रस्तुतियों से इस शाम को यादगार बना दिया।
मास्टर शेफ में दिख रहा हुनर
टिहरी झील महोत्सव के तहत मास्टर शेफ कॉम्पिटिशन का आयोजन होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट नई टिहरी की ओर से किया गया। फाइनल राउंड में निर्णायक की भूमिका विश्व प्रसिद्ध शेफ मंजीत गिल व शेफ राजुल ने निभाई।
यह भी पढ़ें: मधुर भंडारकर उत्तराखंड में तलाशेंगे शूटिंग की संभावनाएं
यह भी पढ़ें: टीवी सीरियल की शूटिंग के लिए सन्नी लियोनी आएंगी उत्तराखंड
यह भी पढ़ें: आवाज से जादू बिखेरने वाली प्रियंका नेगी को मिला बेस्ट लाइव परफॉर्मर अवार्ड