नई टिहरी में बीएसएनएल टावर पर चढ़ा पूर्व तहसील कर्मी, नौकरी से हटाए जाने का आरोप
नई टिहरी में नौकरी से निकाले जाने से नाराज एक पूर्व तहसील कर्मी बीएसएनएल टावर पर चढ़ गया। प्रशासन और ...और पढ़ें

जिला मुख्यालय नई टिहरी में बीएसएनएल के टावर पर चढ़ा एक पूर्व तहसील कर्मी।
HighLights
पूर्व तहसील कर्मी नरोत्तम प्रसाद गैरोला बीएसएनएल टावर पर चढ़ा
नौकरी से हटाए जाने के विरोध में कर रहा है प्रदर्शन
प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ टीम समझाने में जुटी
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। जिला मुख्यालय नई टिहरी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब नौकरी से निकाले जाने से आक्रोशित एक पूर्व तहसील कर्मी नरोत्तम प्रसाद गैरोला निवासी ग्राम भांगला, पट्टी दोगी, नरेंद्रनगर बीएसएनएल के टावर पर चढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, फायर ब्रिगेड व एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जहां बातचीत के माध्यम से मामले का समाधान निकालने की कोशिश की जा रही है।
नरोत्तम का आरोप है कि वह उपनल के माध्यम से वर्ष 2017 से 2024 तक तहसील घनसाली में उप निबंधक के लिपिक के रूप में कार्यरत था। लेकिन उसे बिना किसी वजह के नौकरी से हटा दिया गया है। इस संबंध में वह कई बार शासन-प्रशासन के चक्कर काट चुका है, लेकिन उसे अब तक न्याय नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, नरोत्तम सोमवार को भी कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में अपनी फरियाद लेकर पहुंचा था। लेकिन उसे यहां भी उचित जवाब नहीं मिलने पर वह कलेक्ट्रेट परिसर से निकलकर बीएसएनएल कार्यालय पहुंच गया और टावर पर चढ़ गया। वहीं, मौके पर तैनात प्रशासन की टीम उसे समझाने-बुझाने में लगी है।
