यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यहां उधार के दो कमरों में संचालित हो रहा है कॉलेज
टिहरी जिले के थौलधार विकासखंड का एकमात्र राजकीय डिग्री कॉलेज कमांद स्थापना के दो वर्ष बाद भी उधार के दो कमरों में संचालित हो रहा है।

कंडीसौड़, नई टिहरी [जेएनएन]: थौलधार विकासखंड का एकमात्र राजकीय डिग्री कॉलेज कमांद स्थापना के दो वर्ष बाद भी उधार के दो कमरों में संचालित हो रहा है। वहीं जगह की कमी के चलते पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।
टिहरी झील बनने के बाद जिला मुख्यालय से दूरी बढऩे पर थौलधार विकासखंड की जनता वर्ष 2005 से महाविद्यालय की मांग कर रही थी। अगस्त 2016 में थौलधार विकासखंड के मध्य कमांद में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई। वर्तमान में कॉलेज में 70 छात्र पढ़ रहे हैं। लेकिन कक्षा कक्ष के नाम पर कॉलेज के पास ग्राम पंचायत कैच्छू के बारातघर का एक कमरा और राजकीय इंटर कॉलेज स्टेडियम का एक कमरा मात्र उपलब्ध है। जिसमें तीन कक्षाओं एवं कार्यालय आदि संचालित करना भारी परेशानी का कारण बना हुआ है। अभिभावक संघ अध्यक्ष चतर सिंह पंवार का कहना है कि महाविद्यालय भवन के अभाव में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
महाविद्यालय में लिपिक का पद रिक्त है। अंग्रेजी एवं राजनीति शास्त्र विषय के प्रवक्ता पद रिक्त हैं। जबकि यह क्षेत्र का एकमात्र महाविद्यालय है। पीटीए के अध्यक्ष गंभीर सिंह का कहना है कि स्थानीय जनता के आग्रह पर कमांद इंटर कॉलेज की 50 नाली भूमि महाविद्यालय को स्थानांतरित करने की पत्रावली जिला प्रशासन के माध्यम से माध्यमिक शिक्षा निदेशालय को भेजी गई है। यह भूमि महाविद्यालय को स्थानांतरित होते ही महाविद्यालय भवन निर्माण का रास्ता साफ हो सकता है। महाविद्यालय की प्रधानाचार्य पुष्पा नेगी का कहना है कि कॉलेज को कम से कम पांच कक्षा कक्षों एवं दो कार्यालय कक्षों की आवश्यकता है। इसके लिए उच्च शिक्षा विभाग को भी पत्र लिखा गया है।
