निर्विरोध प्रधान के बाद दर्शनी बनी निर्विरोध क्षेपंस
संवाद सूत्र बर्नीगाड़ सिगुणी भौंती बिजौरी बर्नीगाड़ फिफ्यारा कूफन गांवों की सर्वसम्मति से
संवाद सूत्र बर्नीगाड़ : सिगुणी, भौंती, बिजौरी, बर्नीगाड़, फिफ्यारा, कूफन गांवों की सर्वसम्मति से दर्शनी देवी निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य चुनी गई। इससे पहले दर्शनी देवी ग्राम भौंती की निर्विरोध प्रधान भी रह चुकी हैं।
नौगांव ब्लाक के भौंती गांव की दर्शनी देवी दसवीं कक्षा तक पढ़ी हैं। दर्शनी देवी के पति गांव में खेती बाड़ी करते हैं, लेकिन सामाजिक कार्यों में दर्शनी देवी की सहभागिता के कारण ग्रामीणों ने दर्शनी देवी को 24 साल की उम्र में प्रधान बना दिया था। दर्शनी देवी ने कहा कि उन्होंने सबसे पहला ध्यान शिक्षा पर दिया। खुले में बैठने वाले बच्चों के लिए स्कूल भवन बनवाया। गांव में 45 परिवारों के पास केवल तीन शौचालय थे। शौचालयविहीन घरों में 42 शौचालय बनाए गए। कूड़ा निस्तारण के लिए चार स्थानों पर सामूहिक कूड़ेदान बनाए। भौंती गांव जनपद का स्वच्छ गांव बना। इसके अलावा नहर, रास्ते, गांव के लिए सड़क स्वीकृत कराना, गोबर गैस, खेतों की सुरक्षा के लिए दीवारें सहित कई कार्य कराए। दर्शनी देवी कहती हैं कि उनके कार्य को देखते हुए ही इस बार अन्य गांवों के लोगों ने उन्हें निर्विरोध क्षेत्र पंचायत बनाया गया।