ऑल वेदर रोड के निर्माण में लगी पोकलैंड मलबे में दबी, दो की मौत
ऑल वेदर रोड के निर्माण कार्य के दौरान मलबा गिरने से पोकलैंड चालक और हेल्पर की मौत हो गर्इ। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के शवों को बाहर निकाला।
चंबा, जेएनएन। चंबा-ऋषिकेश ऑलवेदर रोड पर नागणी से एक किमी आगे पहाड़ी खिसकने से पोकलैंड मशीन मलबे में दब गई, जिससे मशीन चालक और हेल्पर जिंदा दफन हो गए। घटना की सूचना पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने मलबा हटाने के बाद उसके नीचे दबे शवों को बाहर निकाला।
चंबा-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर नागणी के समीप कुलै ढौंकला में पोकलैंड मशीन ऑलवेदर रोड के कार्य में लगी थी। इस दौरान अचानक पहाड़ी खिसकने से भारी मलबा पोकलैंड मशीन पर आ गिरा और मशीन मलबे में दब गई। मशीन के साथ ही चालक और हेल्पर भी मलबे में दब गए।
भारी मलबा आने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद हो गया। मजदूरों के मलबे में दबने की सूचना मिलने के बाद नागणी चौकी पुलिस व स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद मलबा हटाने के लिए जेसीबी मशीन बुलाई गई। मशीन से जैसे ही मलबा हटाने का कार्य किया गया, तभी ऊपर से और मलबा आ गया। जिससे मलबा हटाने में करीब डेढ़ घंटे से ज्यादा का समय लग गया।
मलबा हटाए जाने के बाद पहले चालक का शव बाहर निकाला गया। उसकी पहचान अजय कुमार उम्र 26 वर्ष पुत्र रामबाबू साहनी निवासी असोई बैशाली विहार के रूप में हुई। उसके बाद हैल्पर के शव को निकालने में भी करीब आधा घंटा लग गया, लेकिन हैल्पर के शव की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई। चंबा थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि बड़े-बड़े बोल्डरों को काटने के बाद शवों को बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें: रोडवेज बस ने स्कूटी को मारी टक्कर, महिला की मौके पर ही मौत
यह भी पढ़ें: पहाड़ी से लुढ़का मैक्स वाहन, चार की मौत; सात घायल
यह भी पढ़ें: दिल्ली से बैजरो जा रही बोलेरो खाई में गिरी, तीन लोगों की मौत