बंदरों ने महिला को घायल किया, हायर सेंटर रेफर
संवाद सूत्र ऊखीमठ बदरी-केदार मंदिर समिति में तैनात महिला कर्मचारी पर बंदरों ने हमला कर
संवाद सूत्र, ऊखीमठ : बदरी-केदार मंदिर समिति में तैनात महिला कर्मचारी पर बंदरों ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। जिसे स्थानीय लोगों द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया।
गुरुवार को सुबह मंदिर समिति में तैनात 59 वर्षीय रामदेई देवी पर ओंकारेश्वर मंदिर प्रांगण में बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। जिसके बाद महिला मंदिर की सीढि़यों से नीचे गिर गई। मौके पर समिति के कर्मचारियों ने बीच बचाव किया, तो बंदर भाग निकले। जिसके बाद महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में भर्ती किया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया। बंदरो के हमले से महिला के सिर, पैर एवं कंधे पर गम्भीर चोटें आई हैं। वहीं ऊखीमठ नगर में पिछले लंबे समय से बंदरों के आतंक से नगरवासी बेहद परेशान हैं, राहगीर, स्कूली बच्चों एवं बुजुर्गों पर हमले करना आम बात हो गई है। बंदर अभी तक तीन दर्जन से अधिक लोगों पर हमले कर चुके हैं। जिस कारण लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। उसके बावजूद भी शासन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। स्थानीय लोग डीएम से लेकर सीएम तक बंदरों की समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। बंदरो के आतंक से परेशान नगरवासियों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है। बंदर घर के साथ ही दुकानों में घुसकर खाद्य सामग्री को नुकसान पहुंचाने से भी बाज नहीं आ रहे है।