यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 24, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ग्रामीण बोले, शराब की दुकान चोपता शिफ्ट होने का होगा विरोध
वर्तमान में तल्लानागपुर क्षेत्र के सतेराखाल में संचालित हो रही अंग्रेजी शराब की दुकान को चोपता में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है।

रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: रुद्रप्रयाग जनपद स्थित चोपता में अंग्रजी शराब की दुकान खोले जाने का स्थानीय जनता व जनप्रतनिधियों ने प्रशासन के निर्णय की घोर निंदा की है। वर्तमान में तल्लानागपुर क्षेत्र के सतेराखाल में संचालित हो रही अंग्रेजी शराब की दुकान को चोपता में शिफ्ट करने की तैयारी चल रही है।
गत दिसम्बर माह में हाईकोर्ट ने चारधाम यात्रा मार्ग पर सटी अंग्रेजी शराब की दुकानों को यहां से हटाने के आदेश जारी किए थे। वर्तमान में जिले में नौ शराब की दुकानें संचालित हो रही हैं। जिनमें से एक तल्लानागपुर क्षेत्र के सतेराखाल में शामिल है। आबकारी विभाग की ओर से इन दिनों सभी दुकानों को यात्रा मार्ग से दूसरे स्थानों पर शिफ्ट करने के लिए स्थान चयनित किए जा रहे हैं। सतेराखाल की दुकान को चोपता में शिफ्ट करने पर विचार चल रहा है।
जिसका स्थानीय जनता एवं जनप्रतिनिधियों ने घोर विरोध शुरू कर दिया है। जिला पंचायत सदस्य योगम्बर नेगी ने बताया कि चोपता बाजार तल्लानागपुर क्षेत्र की शिक्षा स्थली है। यहां वर्तमान में लगभग आधा दर्जन से अधिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं। यहां शराब की दुकान स्थानान्तरित होने से युवाओं एवं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ होगा।
ग्रामीणों का कहना है कि यह क्षेत्र आस्था के प्रतीक भगवान तुंगेश्वर महादेव एवं कार्तिक स्वामी जाने का मुख्य मार्ग र्भी है। कहा कि यदि चोपता बाजार में शराब की दुकान स्थानान्तरित होती है, तो स्थानीय जनता व मातृशक्ति को आंदोलन के लिए बाध्य होना पडेगा।
