विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तराखंड: तुंगनाथ धाम पहुंचे रिकॉर्ड 1.93 लाख श्रद्धालु, स्थानीय रोजगार को मिला बढ़ावा

Published: Wed, 11 Nov 2026 08:59 PM (IST)

तृतीय केदार तुंगनाथ धाम में इस यात्रा सीजन (2026) में 1.93 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया है। ...और पढ़ें

तृतीय केदार तुंगनाथ धाम।

तृतीय केदार तुंगनाथ धाम।

HighLights

  1. तुंगनाथ धाम में 1.93 लाख श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड आगमन।

  2. पिछले वर्षों के सभी यात्री आंकड़े पीछे छूटे, नया कीर्तिमान।

  3. रिकॉर्ड यात्रियों से स्थानीय पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा।

संवाद सहयोगी, जागरण, रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के दर्शनों के लिए इस यात्रा सीजन में 1.93 लाख श्रद्धालु पहुंचे। यह अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। इसने तुंगनाथ में वर्ष 2024 का 1.73 लाख यात्रियों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। धाम में यात्रियों की संख्या बढ़ने से धार्मिक पर्यटन के साथ रोजगार को बढावा मिल रहा है।

22 अप्रैल को केदारनाथ धाम के साथ ही तुंगनाथ मंदिर के कपाट भी श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। कपाट खुलने के बाद से ही यहां यात्रियों की संख्या में तेजी आने लगी थी। आंकड़ों पर नजर डालें तो तुंगनाथ धाम में वर्ष 2021 में जहां केवल 5,486 श्रद्धालु बाबा के दर्शनों को पहुंचे थे। वहीं 2022 में यह संख्या बढ़कर 28,198 हो गई। वर्ष 2023 में 1,36,430 और वर्ष 2024 में 1,73,742 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वर्ष 2025 में संख्या 1,51,131 रही, जबकि वर्ष 2026 में यह आंकड़ा बढ़कर 1.93 लाख पहुंच गया।

यात्रियों की बढ़ती संख्या का सीधा लाभ स्थानीय होटल व्यवसायियों, घोड़ा-खच्चर संचालकों, दुकानदारों, स्थानीय गाइडों और अन्य पर्यटन कारोबारियों को मिल रहा है। तुंगनाथ में इस वर्ष यात्रियों की रिकार्ड संख्या से मंदिर समिति की आय के साथ यात्रा से जुड़े व्यवसायों को भी लाभ मिला है।

6 वर्षों में तुंगनाथ पहुंचे श्रद्धालु

वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या
2026 1,93,000
2025 1,51,131
2024 1,73,742
2023 1,36,430
2022 28,198
2021 5,486

 

बदरी-केदार मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी हरीश गौड ने बताया कि तृतीय केदार तुंगनाथ में इस वर्ष रिकॉर्ड 1.93 लाख श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचे हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए मंदिर समिति की ओर से प्रतिवर्ष प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या से मंदिर समिति की आय के साथ पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों को भी लाभ मिला है। शीतकालीन यात्रा में श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयास किए जाएंगे।

 

  

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।