भगवान तुंगनाथ ने सारी में पूछी भक्तों की कुशलक्षेम
संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग पंच केदारों में शामिल तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ ने कड़ाके ठंड के
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पंच केदारों में शामिल तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ ने कड़ाके ठंड के बीच पर्यटन गांव सारी गांव में घर घर जाकर भक्तों की कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान प्रवासी, घ्याणियों के साथ ही अन्य ग्रामीणों ने सुबह पूजा अर्चना के समय भगवान तुंगनाथ को सामूहिक अर्ग्य लगाकर मनौतियां भी मांगी।
शुक्रवार रात्रि को स्थानीय महिलाओं ने देवता के पांडाल में पहुंचकर जागरण के साथ ही कीर्तन भजनों से क्षेत्र का माहौल भक्तिमय बना दिया। शनिवार को बारिश व बर्फबारी के बीच पुजारी लंबोदर प्रसाद मैठाणी समेत अन्य ब्राह्मणों ने पर्यटन गांव सारी में सुबह सात बजे भगवान तुंगनाथ के साथ ही अनेक देवी-देवताओं की विशेष पूजा, महाभिषेक, आरती कर भोग लगाया। इस दौरान ग्रामीणों ने भगवान को सामूहिक अर्ग्य लगाकर भगवान से मनौतियां भी मांगी। गांव की जागरी महिलाएं रामेश्वरी देवी, नर्वदा देवी, कुब्जा देवी, कुंवरीदेवी, विश्वेश्वरी देवी, गुडडी देवी ने जागरों से भगवान का आह्वान किया। सारी गांव में विश्राम करने के बाद दिलमी गांव के लिए रवाना होगी। इसके बाद देवरा यात्रा दिलमी, रोडू, करोखी, पैंज, बंजपाणी, किमाणा, डुंगर, सेमला, पठाली, जाख्णी, भटवाडी, ऊखीमठ, चुन्नी मंगोली, पाली फांफज, सरूणा के साथ ही मदमहेश्वर, कालीमठ, गुप्तकाशी क्षेत्र में घर-घर जाकर भक्तों की कुशमक्षेम पूछेगी। इस अवसर पर प्रबन्धक प्रकाश पुरोहित, यात्रा प्रभारी युद्धवीर पुष्वाण, माहेश्वर मैठाणी, मुकेश मैठाणी, भूपेन्द्र मैठाणी, प्रधान मनोरमा देवी, सरपंच भगत सिंह नेगी, मुरली सिंह, जीएस भट्ट, रघुवीर सिंह, दीवान सिंह, दर्शन भट्ट समेत कई ग्रामीण उपस्थित थे।