दस हजार प्रवासियों को घरवापसी का इंतजार
संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग जनपद में मुंबई दिल्ली व गुजरात समेत विभिन्न राज्यों से दस हजार से अधिक
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: जनपद में मुंबई, दिल्ली व गुजरात समेत विभिन्न राज्यों से दस हजार से अधिक प्रवासियों ने अपने घर आने के लिए रजिस्ट्रेशन करवाया है। इनके संस्थागत क्वारंटाइन के लिए प्रशासन भी पूरी तैयार कर रहा है। अब तक चार हजार संस्थागत क्वारंटाइन की व्यवस्था की कर दी गई है, और यदि जरूरत पड़ी तो जिला मुख्यालय के साथ ही अन्य दूरस्थ क्षेत्र के होटलों का भी अधिग्रहण कर क्वारंटाइन सेंटर बनाया जाएगा।
जिले में अब तक 11992 प्रवासी अपने घर लौट चुके हैं, जबकि दस हजार ने अभी रजिस्ट्रेशन करवाया है। यह सभी अपने घर आना चाहते हैं, जिसमें मुंबई, दिल्ली, गुजरात, बैंगलुरू, गुजरात से सबसे अधिक हैं। अब तक जो लोग घर आए हैं, उनमें से 661 को संस्थागत क्वारंटाइन किया गया है, जबकि 4123 को होम क्वारंटाइन किया गया है। जबकि अब बड़ी खेप को आने को लेकर भी प्रशासन पूरी तैयार कर रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके झा ने बताया कि प्रवासियों के आने की दशा में अब तक चार हजार के लिए संस्थागत क्वारंटाइन की व्यवस्था की गई है, यदि इससे अधिक संख्या होती है तो इसके लिए जनपद के दूरस्थ क्षेत्रों के होटलों का भी अधिग्रहण कर लिया जाएगा। कहा कि संस्थागत क्वारंटाइन के लिए पर्याप्त व्यवस्था मौजूद है। प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग हर परिस्थिति का सामना करने को तैयार है। बताया कि अधिक से अधिक सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। अब तक 99 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई हैं। जबकि पचास सैंपल ओर जांच के लिए भेजे हैं।