सतेराखाल के जंगल में लगी आग
फायर सीजन समाप्त होने के बाद तल्लानागपुर क्षेत्र के सतेराखाल में जंगल में आग भड़क गई।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : फायर सीजन समाप्त होने के बाद तल्लानागपुर क्षेत्र के सतेराखाल में जंगल में आग लगने से वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा है। वन विभाग के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों के सहयोग से देर शाम आग पर काबू पाया गया।
रुद्रप्रयाग जिले के जंगलों में भी अब आग लगनी शुरू हो गई है। भले इस वर्ष वन विभाग के फायर सीजन में जंगलों में आग लगने की छुटमुट घटनाएं तो हुई, लेकिन कोई बड़ी घटना नहीं हुई थी। अनलाक-1 होने के बाद पहली आग लगने की घटना रुद्रप्रयाग में सामने आई है। बताया जा रहा है कि बीते गुरुवार से जंगल में आग लगी हुई है, लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं है। तापमान अत्यधिक बढ़ने से जंगलों में आग भयंकर रूप से फैल रही है। जिससे वन संपदा के साथ ही पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा जंगली जानवर व पशु पक्षी भी इससे प्रभावित हुए है।
भाजपा सतेरा मंडल के अध्यक्ष गंभीर सिंह बिष्ट ने बताया कि पिछले दो दिनों से सतेराखाल के जंगलों में आग लगी थी। आग लगने से वन क्षेत्र को काफी नुकसान हुआ है। वन विभाग को सूचना देने के बाद मौके पर पहुंची विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों के साथ आग बुझाने का कार्य शुरू किया और आग पर काबू पाया गया।
वन क्षेत्राधिकारी यशवंत सिंह का कहना है कि शुक्रवार देर शाम क्षेत्र में आग लगने की घटना के बारे में सूचना मिली। जिसके बाद आग बुझाने के लिए टीम मौके पर पहुंच गई।