रुद्रप्रयाग: टीईटी से छूट और पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग पर अड़े शिक्षक, Google Meet पर बना प्लान; 24 अक्टूबर को महारैली
शिक्षक पात्रता परीक्षा से छूट और पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर रुद्रप्रयाग के शिक्षक 24 अक्टूबर को देहरादून में राज्य स्तरीय महारैली में शामिल होंगे।
-1792152348719_m.webp)
उत्तराखंड में टीईटी में छूट की मांग तेज
HighLights
टीईटी से छूट और पुरानी पेंशन बहाली की मांग।
रुद्रप्रयाग के शिक्षक 24 अक्टूबर को देहरादून महारैली में।
सामूहिक अवकाश लेकर मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे शिक्षक।
जागरण संवाददाता, रुद्रप्रयाग। शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी टीईटी की अनिवार्यता से छूट और पुरानी पेंशन बहाली सहित विभिन्न मांगों को लेकर रूद्रप्रयाग में शिक्षक 24 अक्टूबर को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय महारैली में हिस्सा लेंगे। उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय नेतृत्व के आह्वान पर शिक्षक सामूहिक अवकाश लेकर परेड ग्राउंड से मुख्यमंत्री आवास कूच करेंगे। संगठन ने महारैली में जिले के सभी प्रारंभिक शिक्षकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है।
प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद रुद्रप्रयाग की ऑनलाइन गूगल मीट बैठक में नौ अक्टूबर को देहरादून में हुई प्रांतीय बैठक में लिए गए निर्णयों की जानकारी जनपदीय एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों को दी गई। संयुक्त समिति ने प्रस्तावों का समर्थन करते हुए सरकार से शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
शिक्षक संघ की प्रमुख मांग है कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई), 2009 लागू होने से पहले नियुक्त शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त रखा जाए। संघ का कहना है कि तत्कालीन नियमों के तहत नियुक्त शिक्षकों को लंबे सेवाकाल के बाद सेवा में बने रहने और पदोन्नति के लिए टीईटी की अनिवार्यता से राहत मिलनी चाहिए।
इसके अलावा, एक अक्टूबर 2005 के बाद नियुक्त सभी शिक्षक-कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने की मांग उठाई गई। शिक्षकों ने कक्षा शिक्षण के अतिरिक्त कार्यों, विभिन्न ऑनलाइन ऐप पर काम करने और ऑनलाइन पाठ्यक्रम पूरे करने के दबाव पर भी नाराजगी जताई। संघ का कहना है कि इससे शिक्षण कार्य प्रभावित होने के साथ शिक्षकों पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह झिंक्वाण ने की, जबकि संचालन जिला मंत्री दिनेश चंद्र भट्ट ने किया। बैठक में कोषाध्यक्ष रघुबीर बुटोला,ललित काला, विपिन त्रिपाठी, जाकिर हुसैन त्रिलोक रावत हरीश गिरी,शाखा अध्यक्ष अनूप नेगी, विजयराम गोस्वामी, चारू चन्द्र खण्डूरी, कैलाश मैठाणी, अरविन्द सकलानी शाखा मंत्री शिव प्रसाद पुजारी, अनवर सिद्धकी, लक्ष्मी नेगी, राजेन्द्र शाह, मानवेन्द्र गहरवार, अवतार सिंह राजपूत, नीलम बिष्ट समेत कई शिक्षक उपस्थित थे।
