विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आस्था और आधुनिक विकास का संगम बन रहा रुद्रप्रयाग: रिकॉर्ड चारधाम यात्रा, ऑल वेदर रोड और रेल परियोजना से बदली देवभूमि की तस्वीर

Published: Thu, 26 Nov 2026 07:43 PM (IST)

रुद्रप्रयाग आस्था और आधुनिक विकास का संगम बन रहा है, जहाँ केंद्र व राज्य सरकार की परियोजनाओं से पर्यटन, व्यापार और स्वास्थ्य को नई गति मिली है। रिकॉर्ड तोड़ चारधाम यात्रा, ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन जैसी पहलें देवभूमि की तस्वीर बदल रही हैं।

News Article Hero Image

HighLights

  1. रिकॉर्ड तोड़ चारधाम यात्रा से पर्यटन को मिली नई ऊंचाई।

  2. ऑल वेदर रोड और रेल परियोजना से कनेक्टिविटी में क्रांति।

  3. आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं और महिला सशक्तिकरण पर जोर।

डिजिटल डेस्‍क, रुद्रप्रयाग। अलकनंदा और मंदाकिनी के पावन संगम पर बसा देवभूमि उत्तराखंड का जिला रुद्रप्रयाग इन दिनों आध्यात्मिक विरासत और आधुनिक बुनियादी ढांचे के नए संगम के रूप में उभर रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजनाओं ने न केवल केदार घाटी के दुर्गम मार्गों को सुगम बनाया है, बल्कि स्थानीय पर्यटन, व्यापार, स्वास्थ्य और महिला सशक्तीकरण को भी नई रफ्तार दी है।

चारधाम यात्रा ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, रोपवे से और सुगम होगी राह

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि इस बार चारधाम यात्रा ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और अब तक लगभग 61 लाख श्रद्धालु यात्रा कर चुके हैं। वहीं, कांवड़ यात्रा में भी करीब 5 करोड़ श्रद्धालुओं की सहभागिता रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास लक्ष्यों को प्राप्त करने में उत्तराखंड नीति आयोग की रैंकिंग में देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जल्द ही केदारनाथ रोपवे और हेमकुंड साहिब रोपवे का कार्य भी शुरू होने जा रहा है।

केदारपुरी का भव्य कायाकल्प और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा

वर्ष 2013 की आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और केदारनाथ मास्टर प्लान के तहत केदारपुरी को सुरक्षित और आधुनिक स्वरूप दिया गया है। मंदाकिनी और सरस्वती नदियों के किनारे सुरक्षा दीवारें, भव्य आस्था पथ, आधुनिक चिकित्सा केंद्र और तीर्थ पुरोहितों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास तैयार किए गए हैं। इसके साथ ही जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों—रुद्रनाथ मंदिर, बाबा केदार की शीतकालीन गद्दी उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर और दुनिया के सबसे ऊंचे शिव मंदिर तुंगनाथ (3,680 मीटर)—में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ी है। वहीं, त्रियुगीनारायण मंदिर राज्य सरकार की 'वेडिंग डेस्टिनेशन' नीति के तहत देश-दुनिया के श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख विवाह तीर्थ के रूप में पहचान बना रहा है।

ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन से कनेक्टिविटी क्रांति

चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना ने संकरी और भूस्खलन प्रभावित सड़कों को चौड़े व सुरक्षित राजमार्गों में बदल दिया है, जिससे व्यापारियों और यात्रियों दोनों का समय व खर्च घटा है। बीते एक दशक में रुद्रप्रयाग और केदारनाथ क्षेत्र के गांवों को जोड़ने के लिए सैकड़ों मोटर मार्गों का निर्माण हुआ है। इसके अतिरिक्त, 125 किलोमीटर लंबी ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पहाड़ों में यातायात का परिदृश्य बदलने जा रही है। अत्याधुनिक सुरंगों और पुलों से गुजरने वाली इस रेल लाइन के शुरू होने पर सड़क मार्ग से लगने वाला 5 से 6 घंटे का सफर घटकर मात्र ढाई से तीन घंटे रह जाएगा।

 

 

जिला चिकित्सालय में आधुनिक इलाज और 'लखपति दीदी' से सशक्त होती मातृशक्ति

पहाड़ों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग को आधुनिक आईसीयू, टेलीमेडिसिन, 24 घंटे एंबुलेंस सेवा और अत्याधुनिक डिजिटल पैथोलॉजी लैब से लैस किया गया है। लैब में सीबीसी, एलएफटी, केएफटी, थायराइड, एचबीए1सी (HbA1c), विटामिन डी और बी-12 जैसी सभी प्रमुख जांचें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हैं।

आर्थिक स्वावलंबन की दिशा में प्रदेश में 3 लाख से अधिक महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं। रुद्रप्रयाग जिला प्रशासन ने 'वोकल फॉर लोकल' के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोसेसिंग, ब्रांडिंग और चारधाम यात्रा के बाजार से जोड़ा है। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी (डीएम) विशाल मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' सेवा संकल्प के तहत प्रशासन की टीमें गांव-गांव जाकर बहुउद्देशीय शिविर लगा रही हैं, ताकि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ अंतिम छोर पर खड़े पात्र लाभार्थियों तक पहुंच सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।