बलिदान और शौर्य को रखेंगे याद: कृष्णन
जिला मुख्यालय में स्थित 11 लाइट इन्फ्रेट्री मराठा रेजीमेंट की ओर से भारत-पाकिस्तान युद्ध के पचास वर्ष पूर्ण होने पर इसे स्वर्णिम विजय के रूप मनाया गया।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: जिला मुख्यालय में स्थित 11 लाइट इन्फ्रेट्री मराठा रेजीमेंट की ओर से भारत-पाकिस्तान युद्ध के पचास वर्ष पूर्ण होने पर इसे स्वर्णिम विजय के रूप मनाया गया। इस दौरान रेजीमेंट के अधिकारी व जवानों ने भारत-पाकिस्तान युद्ध में वीरगति प्राप्त हुए सैनिकों को श्रद्धांजलि दी।
गुलाबराय मैदान में आयोजित कार्यक्रम में मराठा रेजीमेंट के उप कमान अधिकारी आर शिवा रामा कृष्णन ने वर्ष 1971 का भारत-पाकिस्तान के बीच हुए युद्ध की विस्तार से जानकारी देते कहा कि आज इस स्वर्णिम विजय दिवस पर पूरा देश उन वीर अमर शहीदों के बलिदान और सेना के शौर्य को याद कर रहा है। जिन्होंने अपने जीवन की परवाह किए बगैर मातृभूमि की रक्षा की। इन अमर शहीदों के बलिदान की वीर गाथा आने वाली पीढि़यों को हमेशा प्रेरित करती रहेगी। कहा कि यह स्वर्णिम विजय दिवस आगामी 16 दिसम्बर तक पूरे देश में चलता रहेगा। गढ़वाल रायफल के सूबेदार दलीप सिंह ने बताया कि 1971 के पचास वर्ष पूर्ण होने पर मशाल यात्रा निकाली गई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के चार हिस्सों में मशाल यात्रा को रवाना किया है। इस अवसर पर उप कमान अधिकारी कृष्णन ने 1971 के युद्ध में रुद्रप्रयाग जनपद के आठ जवानों और शहीदों की वीर नारियों को आर्मी की ओर से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शहीद सिपाही दरवान सिंह की पत्नी कांता देवी एवं पूर्व सैनिक दयाल सिंह के अलावा हरि सिंह, शिशुपाल सिंह, दलबीर सिंह, कुंवर सिंह, ध्यान सिंह, बदलीर सिंह को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। युद्ध में सात गढ़वाल राइफल के दयाल सिंह ने अपने दोनों हाथ गंवाने के साथ ही उनकी एक आंख भी खराब हो गई थी। युद्ध के पचास वर्ष पूर्ण होने पर आर्मी की ओर से मिले सम्मान से दयाल सिंह काफी खुश नजर आए। कार्यक्रम में वर्ष 2016 में सर्जिकल स्ट्राइक में भाग लेने वाले देवेश सिंह व सड़क दुर्घटना में घायल होने वाले संजय सिंह को स्कूटी भेंट की गई। इसके अलावा मराठा रेजीमेंट की ओर से पूर्व में आयोजित निबंध एवं भाषण प्रतियोगिताओं राइंका रुद्रप्रयाग, राबाइंका रुद्रप्रयाग, सरस्वती विद्या मंदिर बेलणी एवं अनूप नेगी मेमोरियल पब्लिक स्कूल के छात्रों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नायब सूबेदार वीके यादव ने किया। इस मौके पर सैनिक कल्याण अधिकारी आरएल थापा, सूबेदार दादा साहेब पाटिल, नायब सूबेदार विवेश शर्मा, सूबेदार दलीप सिंह, संतोष कुमार, अध्यापिका राबाइंका की कार्यक्रम अधिकारी अंजू बिष्ट, ममता रावत, शोभा डोभाल, संगीता परमार समेत कई पूर्व सैनिक उपस्थित थे।