देवस्थानम विधेयक के विरोध में उतरे पुरोहित
संवाद सूत्र गुप्तकाशी चारधाम देवस्थानम प्रबंधन विधेयक के विरोध में बुधवार को तीर्थ पुरोहितों
संवाद सूत्र, गुप्तकाशी: चारधाम देवस्थानम प्रबंधन विधेयक के विरोध में बुधवार को तीर्थ पुरोहितों ने प्रदेश सरकार खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर नारेबाजी की। तीर्थपुरोहितों ने मुख्यमंत्री व पर्यटन मंत्री का पुतला दहन भी किया। तीर्थपुरोहितों ने कहा कि जब तक विधेयक को वापस नहीं लिया जाएगा, तब तक विरोध जारी रहेगा।
तयशुदा कार्यक्रम के तहत बुधवार को क्षेत्र के समस्त तीर्थ पुरोहित गुप्तकाशी निरीक्षण भवन में एकत्रित हुए, जिसके बाद तीर्थ पुरोहितों ने चारधाम देवस्थानम प्रबंधन विधेयक के विरोध में निरीक्षण भवन से मुख्य बाजार होते हुए गुप्तकाशी तिराहा तक जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने मुक्ष्य बाजार में सीएम त्रिवेन्द्र सिंह रावत व पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज का पुतला दहन कर नारेबाजी भी की। इससे पूर्व तीर्थ पुरोहितों ने निरीक्षण भवन में सभा आयोजित कर कहा कि यह विधेयक तीर्थपुरोहितों व हकूकधारियों पर कुठाराघात है। इसके बनने से उनके सभी हक समाप्त हो जाएंगे। उन्होंने सरकार से शीघ्र उक्त विधेयक को वापस लेने की मांग की है। कहा कि सरकार जब तक सरकार यह विधेयक वापस नहीं लेगी, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने आगामी 20 दिसम्बर को श्रीनगर गढ़वाल में महारैली का आयोजन करने का निर्णय भी लिया है। इस अवसर पर केदारसभा के महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती, पूर्व जिपंस केशव तिवारी, जिपंस गणेश तिवारी, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख विष्णुकांत शुक्ला, बिजेंद्र शर्मा समेत कई तीर्थ पुरोहित, व्यापारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद थे।