गौरीकुंड हाईवे हादसे में एक और शव बरामद
संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन की चपेट में आने से दफन एक और यात्री क
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: केदारनाथ हाईवे पर भूस्खलन की चपेट में आने से दफन एक और यात्री का शव बरामद हुआ है। इसके साथ ही मृतक संख्या नौ पहुंच गई। एक अन्य के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। उसकी खोजबीन की जा रही है।
शनिवार रात फाटा से चार किलोमीटर आगे चंडीकाधार के पास पहाड़ी से हुए भूस्खलन में दो बाइक और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई थी। बोल्डर और मलबे के साथ कार और बाइकें चार सौ मीटर गहरी खाई में समा गई थी। इनमें सवार दस लोग मलबे के साथ खाई में दफन हो गए थे। रेस्क्यू दल ने तीन शव उसी रात बरामद कर लिए थे, जबकि पांच शव रविवार को मिले। दो और यात्रियों के लापता होने की बात सामने आ रही है। गुप्तकाशी के थानाध्यक्ष होशियार सिंह पंखुड़ी की अगुआई में एसडीआरएफ और पुलिस की टीमों ने तीसरे दिन भी सर्च अभियान जारी रखा।
सोमवार को रेस्क्यू दल को मलबे में दबा एक और युवक का शव मिला। मृतक की पहचान 29 वर्षीय विशेष कुमार पुत्र स्व. जयपाल सिंह, ग्राम रेहमाना, मोहाना तहसील व जिला सोनीपत, हरियाणा के रूप में हुई है। बता दें कि इस हादसे में विशेष के पिता जयपाल सिंह की भी मौत हो गई थी। बताया कि पिता-पुत्र अपने परिचित के साथ सोनप्रयाग के नजदीकी इलाके सेरसी में पेट्रोल पंप के लिए जमीन देखने आए हुए थे।