Kedarnath Dham में भक्तों की रिकॉर्ड भीड़, हाईवे पर भीषण जाम... चार घंटे में 45 मिनट का सफर
केदारनाथ यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण बदरीनाथ-केदारनाथ हाईवे पर भीषण जाम लग रहा है।

रोजाना 15 हजार से अधिक पहुंच रहे धाम

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। द्वितीय चरण की केदारनाथ यात्रा में देश-विदेश से बाबा केदार के दर्शनों को पहुंच रहे यात्रियों की संख्या तेजी से बढ़ने के साथ ही यात्रा व्यवस्थाओं पर भी दबाव बढ़ गया है। प्रतिदिन 15 हजार से अधिक यात्री केदारनाथ धाम पहुंच रहे हैं।
यात्रियों के साथ बड़ी संख्या में वाहनों के केदारघाटी पहुंचने से रुद्रप्रयाग-श्रीनगर हाईवे से लेकर केदारनाथ हाईवे तक जगह-जगह जाम की स्थिति बन रही है। हालात यह हैं कि रुद्रप्रयाग से श्रीनगर के बीच सामान्य दिनों में करीब 45 मिनट का सफर जाम के कारण तीन से चार घंटे में पूरा हो रहा है।
सिरोंबगड़ स्लाइडिंग जोन और धारी देवी क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। दोनों ओर पुलिस जवान यातायात सुचारु करने में जुटे हैं, लेकिन वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण व्यवस्था चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। यात्रियों को घंटों जाम में फंसकर इंतजार करना पड़ रहा है।
यातायात का दबाव
उधर, रुद्रप्रयाग से गौरीकुंड तक करीब 75 किलोमीटर लंबे मार्ग पर भी यातायात का दबाव लगातार बढ़ रहा है। गुप्तकाशी से लेकर सोनप्रयाग और गौरीकुंड तक कई स्थानों पर वाहन रेंगते हुए नजर आ रहे हैं। प्रतिदिन करीब छह से सात हजार छोटे-बड़े वाहन केदारघाटी पहुंच रहे हैं। सीमित पार्किंग, सड़क के संकरे हिस्से और हाईवे किनारे खड़े वाहनों के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। सीतापुर, रामपुर और सोनप्रयाग की पार्किंग भरने के बाद बड़ी संख्या में वाहन हाईवे किनारे खड़े करने पड़ रहे हैं।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुंबई के तीर्थयात्रियों से मारपीट, खूब चलीं लाठियां... तीन खच्चर चालकों पर केस
सोनप्रयाग से गौरीकुंड के बीच स्थिति और चुनौतीपूर्ण है। करीब छह किलोमीटर लंबे इस हिस्से में सिंगल लेन मार्ग होने के कारण बड़े वाहनों का संचालन संभव नहीं है। यहां शटल वाहन और मैक्स के जरिये यात्रियों को गौरीकुंड पहुंचाया जा रहा है, लेकिन यात्रियों की बढ़ती संख्या के कारण इन वाहनों पर भी दबाव बढ़ गया है। कई बार जाम लगने पर यात्री सोनप्रयाग से गौरीकुंड तक पैदल ही जाने को मजबूर हो रहे हैं।
केदारघाटी होटल एसोसिएशन के सचिव मनोज सेमवाल ने कहा कि द्वितीय चरण में यात्रियों की संख्या में काफी वृद्धि हुई है और आने वाले करीब एक माह तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सीतापुर, रामपुर, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में पार्किंग सीमित होने के कारण वाहनों को हाईवे किनारे खड़ा करना पड़ रहा है। प्रशासन जाम से निपटने के लिए पूरी मुस्तैदी से प्रयास कर रहा है, लेकिन वाहनों की संख्या अधिक होने से समस्या बनी हुई है।
गौरीकुंड व्यापार संघ के पूर्व अध्यक्ष मायाराम गोस्वामी ने कहा कि हर वर्ष यात्रियों की संख्या बढ़ने के साथ क्षेत्र में यातायात व्यवस्था चुनौती बन जाती है। सरकार और प्रशासन को भविष्य के लिए पर्याप्त पार्किंग की स्थायी व्यवस्था करनी चाहिए, ताकि यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ-बदरीनाथ आएंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, चारधाम आने वाले भक्तों को देंगे खास सौगात
पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर ने कहा कि यात्रियों की संख्या बढ़ी है। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में जुटी है और जाम वाले स्थानों पर अतिरिक्त निगरानी की जा रही है।
