केदारनाथ यात्रा मार्ग पर मुंबई के तीर्थयात्रियों से मारपीट, खूब चलीं लाठियां... तीन खच्चर चालकों पर केस
केदारनाथ पैदल मार्ग पर मुंबई के दो तीर्थयात्रियों के साथ खच्चर चालकों ने मारपीट की। खच्चरों के संचालन को लेकर ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के पैदल मार्ग पर जंगलचट्टी क्षेत्र में मुंबई से आए दो तीर्थयात्रियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।
खच्चरों के संचालन को लेकर हुए विवाद के बाद तीन खच्चर चालकों पर तीर्थयात्रियों के साथ लाठी से मारपीट करने का आरोप है। मामले में कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने तीनों अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तीन खच्चर चालकों से कहासुनी
पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के मुंबई निवासी मानजी वाधजी वाविया और उनके साथी भानजी दामजी पटेल गत गुरूवार को केदारनाथ धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। दोनों जंगलचट्टी क्षेत्र से पैदल मार्ग पर आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान खच्चरों के संचालन को लेकर उनकी तीन खच्चर चालकों से कहासुनी हो गई।
यह भी पढ़ें- केदारनाथ-बदरीनाथ आएंगे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, चारधाम आने वाले भक्तों को देंगे खास सौगात
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तीनों खच्चर चालकों ने तीर्थयात्रियों के साथ लाठी से मारपीट कर दी, जिससे दोनों को चोटें आईं। घटना के बाद तीर्थयात्रियों ने कोतवाली सोनप्रयाग में तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन अज्ञात खच्चर चालकों के खिलाफ की धारा 115(2) के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।
पुलिस अब घटना में शामिल आरोपियों की पहचान करने के साथ ही उनके संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है। मामले की विवेचना जारी है। पुलिस ने कहा है कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
घोड़ा-खच्चर संचालन से जुड़े लोगों को यात्रियों के साथ शालीन और मर्यादित व्यवहार करने तथा यात्रा व्यवस्था में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के साथ अभद्रता, मारपीट अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
