विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rudraprayag: घोड़ा संचालकों ने श्रद्धालुओं के साथ की मारपीट, मुकदमा दर्ज, लाइसेंस भी होंगे निरस्त

By Jagran NewsEdited By: riya.pandey
Published: Tue, 13 Jun 2023 08:14 PM (IST)

पांच घोड़ा खच्चर संचालकों ने केदारनाथ यात्रा पर आई एक महिला तीर्थयात्री व अन्य के साथ अभद्रता के साथ-साथ मारपीट ...और पढ़ें

घोड़ा खच्चर संचालकों ने केदारनाथ यात्रा पर आई एक महिला तीर्थयात्री व अन्य के साथ अभद्रता के साथ-साथ की मारपीट
घोड़ा खच्चर संचालकों ने केदारनाथ यात्रा पर आई एक महिला तीर्थयात्री व अन्य के साथ अभद्रता के साथ-साथ की मारपीट

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: पांच घोड़ा खच्चर संचालकों ने केदारनाथ यात्रा पर आई एक महिला तीर्थयात्री व अन्य के साथ अभद्रता के साथ-साथ मारपीट की। इस मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। वहीं इन सभी का लाइसेंस निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए पुलिस अधीक्षक व डीएम से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।

घोड़ा संचालकों ने महिला व अन्य श्रद्धालुओं के साथ की मारपीट

केदारनाथ धाम यात्रा पर आई श्रद्धालु तनुका पौंडार निवासी महिपालपुर नई दिल्ली ने कोतवाली सोनप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई कि वह 10 जून को गौरीकुंड से केदारनाथ यात्रा के लिए पैदल जा रही थी। रास्ते में भीमबली पुल के पास एक घोड़ा बुरी हालत में नीचे गिरा था। इस पर उसने वहां कुछ लोगों से मदद मांगी लेकिन किसी ने उसकी मदद नहीं की। इस दौरान एक व्यक्ति वहां पर अन्य पशुओं को भी पीट रहा था, जिसका उसने विरोध किया। इस पर घोड़ा संचालकों की भीड़ वहां पर आई और चार से पांच लोगों ने उनके साथ मारपीट और अभद्रता की। इस बीच बचाव करने आये अन्य सहयोगियों के साथ भी मारपीट की गयी। केदारनाथ से वापस आने पर महिला श्रद्धालु ने कोतवाली सोनप्रयाग में इसकी शिकायत की है।

संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई

शिकायत के आधार पर कोतवाली सोनप्रयाग ने मामले की विवेचना करते हुए घटना में शामिल पांच आरोपियों को चिह्नित किया है। इनकी पहचान अंकित सिंह, संतोष कुमार, रोहित कुमार सभी निवासी जयकंडी, थाना अगस्त्यमुनि, जिला रुद्रप्रयाग हैं जबकि गौतम सिंह निवासी ग्राम जाखन भरदार थाना व जिला रुद्रप्रयाग व एक अन्य नाबालिग इस घटना में शामिल है।

पुलिस ने संबंधित विभाग से इन सभी घोड़े संचालकों के लाइसेंस निरस्तीकरण करने का अनुरोध किया है।

वहीं बदरी केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि यात्रा पर आ रहे सभी तीर्थयात्रियों का अतिथि देवो भव: के साथ सम्मान किया जाता है लेकिन इस तरह की घटना चिंताजनक है। पुलिस अधीक्षक व जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग को फोन कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।