माकपा ने सरकार की नीतियों के खिलाफ निकाली रैली
संवाद सहयोगी रुद्रप्रयाग भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का छठा जिला सम्मेलन शुरू हो ग
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का छठा जिला सम्मेलन शुरू हो गया है। इस दौरान किसान समेत विभिन्न संगठनों की समस्याओं पर चर्चा की गई। प्रथम सत्र में कार्यकत्र्ताओं ने रैली निकालकर सरकार की नीतियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
गुप्तकाशी में आयोजित सम्मेलन में पार्टी के राज्य सचिव राजेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि देश के अंदर एक जैसी सरकारें बैठी हैं, जो देश का रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य, एयरपोर्ट तथा सभी सरकारी विभागों को बेचने का काम कर रहे हैं। पूरे देश के किसान और मजदूरों को दबाने के लिए दमन और शोषण करने का काम किया जा रहा है। किसान मजदूरों के खिलाफ चोरी छुपे काले कानून बनाए जा रहे हैं जिसको देश की जनता के एक वर्ष का विरोध करने के बाद इन काले कानूनों को वापस लेना पड़ा। उन्होंने कहा कि देश के अंदर भोजनमाताएं, आंगनबाड़ी, आशा एवं अन्य कर्मचारी संगठन से जुड़ी महिलाएं बीते पांच साल से आंदोलन कर रहे हैं कितु सरकार ने आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। राज्य सचिव मंडल के सदस्य गंगाधर नौटियाल ने कहा कि आज यह साबित हो गया है कि भाजपा की सरकार पूंजीपतियों की सरकार है। देश की एकता वह अखंडता को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। पार्टी के राज्य कमेटी सदस्य राजाराम सेमवाल ने केन्द्र व राज्य सरकार की नीतियों की जमकर आलोचना की। जनसभा का संचालन पार्टी जिला मंत्री वीरेंद्र गोस्वामी ने किया। जनसभा को पार्टी लोकल कमेटी मंत्री अषाड़ सिंह धिरवाण, पार्टी रुद्रप्रयाग लोकल कमेटी मंत्री नरेंद्र रावत, भरत सिंह भंडारी, भावना रावत, जय सिंह नेगी, दौलत सिंह रावत, विक्रम लाल, धीरज लाल, मदन सिंह रावत समेत कई लोग उपस्थित थे।