विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रप्रयाग में चोपता-तुंगनाथ ट्रैक पर वन विभाग का महासफाई अभियान, हटाया गया 5 टन कचरा

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:00 AM (IST)

वन विभाग ने रुद्रप्रयाग के चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर व्यापक सफाई अभियान चलाया है। इस दौरान अब तक पांच टन कूड़ा एकत्रित कर हटाया गया है।

चोपता तुंगनाथ पैनल ट्रैक पर कूड़े व प्लास्टिक को लेकर जन जागरुकता अभियान चलाया गया

चोपता तुंगनाथ पैनल ट्रैक पर कूड़े व प्लास्टिक को लेकर जन जागरुकता अभियान चलाया गया

HighLights

  1. वन विभाग ने चोपता-तुंगनाथ ट्रैक पर व्यापक सफाई अभियान चलाया।

  2. पैदल मार्ग से अब तक करीब पांच टन कूड़ा हटाया गया।

  3. भविष्य में कूड़ा प्रबंधन हेतु नई रणनीति पर विचार किया जा रहा।

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों में शुमार चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक पर फैली गंदगी को साफ करने के लिए वन विभाग ने व्यापक अभियान चलाया है। विभाग अब तक पैदल मार्ग से करीब पांच टन कूड़ा एकत्रित कर नीचे ला चुका है, जबकि शेष कूड़े को हटाने का अभियान लगातार जारी है।

यात्रा सीजन के दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आवाजाही के चलते पैदल मार्ग के आसपास प्लास्टिक की बोतलें, खाद्य पदार्थों के रैपर, पॉलीथिन और अन्य अपशिष्ट जमा हो गए थे। इससे इस संवेदनशील वन क्षेत्र के पर्यावरण को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ था।

डीएफओ के निर्देश पर वन विभाग की टीम ने चोपता से तुंगनाथ धाम तक पैदल ट्रैक के विभिन्न स्थानों पर सफाई अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में कूड़ा एकत्रित किया है। हालांकि अभी भी मार्ग के कई हिस्सों में कूड़ा मौजूद है, जिसे हटाने के लिए वनकर्मियों की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग के डीएफओ रजत सुमन ने बताया कि चोपता-तुंगनाथ पैदल ट्रैक से अब तक पांच टन कूड़ा एकत्रित कर नीचे पहुंचाया जा चुका है। शेष कूड़े को भी हटाने का कार्य जारी है। उन्होंने कहा कि पूरा क्षेत्र संवेदनशील वन क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में यहां स्वच्छता बनाए रखना और कूड़े का उचित निस्तारण करना वन विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि भविष्य में इस क्षेत्र में कूड़े की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विभाग नई रणनीति तैयार कर रहा है। इसके तहत कूड़ा प्रबंधन की व्यवस्था को मजबूत करने के साथ ही पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध सख्त कदम उठाने पर भी विचार किया जा रहा है। विभाग का प्रयास है कि चोपता-तुंगनाथ का प्राकृतिक सौंदर्य और पारिस्थिति सुरक्षित रहे तथा यह क्षेत्र कूड़ा मुक्त बन सके।

यह भी पढ़ें- रुद्रप्रयाग में राज्य स्थापना दिवस के मौके पर डीएम विशाल मिश्रा ने आंदोलनकारियों को किया सम्मानित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।