मदनी देवी सर्वश्रेष्ठ आशा, देवेश्वरी बनीं सर्वश्रेष्ठ आशा फेसिलिटेटर
स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान मदनी देवी को सर्वश्रेष्ठ आशा देवेश्वरी देवी को सर्वश्रेष्ठ आशा फेसिलिटेटर और जगजीत ¨सह को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉक समन्वयक के पुरस्कार से नवाजा गया।
संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में जिला स्तरीय आशा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान मदनी देवी को सर्वश्रेष्ठ आशा, देवेश्वरी देवी को सर्वश्रेष्ठ आशा फेसिलिटेटर और जगजीत ¨सह को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉक समन्वयक के पुरस्कार से नवाजा गया।
रुद्रप्रयाग में आयोजित आशा सम्मेलन की शुरुआत करते हुए बतौर मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने आशाओं को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ बताया। कहा कि स्वास्थ्य मानकों के लक्ष्यों को हासिल करने सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के सफलतापूर्वक संचालन में आशाओं की अहम भूमिका है। कहा कि जिले की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान देने के साथ-साथ अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने कुपोषण के मामलों में आशाओं से और अधिक जागरूकता और संवेदनशीलता से काम करने को प्रोत्साहित किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके झा ने आशाओं से गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत सुरक्षित संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करवाने, अटल आयुष्मान योजना का व्यापक प्रचार प्रसार करने के साथ ही पूर्ण प्रतिरक्षण आदि कार्यों में और अधिक प्रभावी कार्य करने की अपील की। आशा कार्यकत्री संगठन की अध्यक्ष कमला राणा, आशा फेसिलिटेटर दुर्गा करासी व आशा कार्यकत्री लक्ष्मी देवी ने आशाओं दूरस्थ क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं का सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराने के लिए आपातकालीन वाहन सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने, गर्भवती महिलाओं के जिला चिकित्सालय से रेफरल मामलों में आशा के दायित्व को जिला स्तर पर सुनिश्चित करने आदि समस्याएं रखी। कार्यक्रम में सर्वश्रेष्ठ आशा कार्यकर्ता मदनी देवी प्रथम, शशि देवी द्वितीय और आशा देवी तृतीय स्थान पर रही। सर्वश्रेष्ठ आशा फेसिलिटेटर में देवेश्वरी देवी प्रथम, बीना देवी ने द्वितीय और सुधा नौटियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पांच हजार, तीन हजार और एक हजार की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जगजीत ¨सह को सर्वश्रेष्ठ ब्लॉक समन्वयक चुना गया, उन्हें पांच हजार की पुरस्कार राशि और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्यो के लिए 19 और सराहनीय कार्यों के लिए 54 अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अजय ¨सह, ऊषा घिल्डियाल, बीना सेमवाल, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसके झा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, डॉ. अनिल नौटियाल, डॉ. डीएस रावत, डॉ. जेएस नेगी समेत स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।