गैस सिलेंडर के साथ यूथ कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, कहा-बढ़ती महंगाई से आम जनता का जीना हुआ दुश्वार
पिथौरागढ़ के बलुवाकोट में महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में हुई वृद्धि के विरोध में यूथ कांग्रेस ने प्रदर्शन किया।
बलुवाकोट, जेएनएन : महंगाई और रसोई गैस सिलेंडर के दामों में हुई वृद्धि से यूथ कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर आक्रोश प्रकट किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई की मार से आम जनता परेशान है। सरकार ने जल्द बढे़ हुए दाम वापस नहीं लिए तो यूथ कांग्रेस आम जनता को साथ लेकर उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।
शुक्रवार को यूथ कांग्रेस जिला महासचिव पंकज मेहरा के नेतृत्व में स्थानीय व्यापारियों, एनएसयूआइ कार्यकर्ताओं ने रसोई गैस के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन किया। मेहरा ने कहा कि विकास के नाम पर मोदी सरकार जनता को महंगाई के बोझ तले दबा रही है। लगातार बढ़ रही महंगाई से आम आदमी का जीवन दूभर हो गया है। सरकार गरीब के मुंह से निवाला छिनने का काम कर रही है। रोजगार के अभाव में युवा सड़कों पर घूम रहा है। सरकार को शीघ्र महंगाई पर अंकुश लगाना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य कमला देवी, एनएसयूआइ ब्लॉक उपाध्यक्ष अजय सिंह बोनाल, किशन कुमार, गोविंद कुमार, पुष्कर राम, दीपू वर्मा, नमेश ग्वाल, खुशाल सिंह ग्वाल, राहुल, कपिल, शाहरु ख, राहुल सामंत, खुशाल सिंह, मनोज सिंह, शैलेंद्र, मुक्करम आदि शामिल थे।