सेला और नागलिंग के बीच सड़क पर आया ग्लेशियर, धौली नदी पर बना लकड़ी का पुल टूटा
पिथौरागढ़ में सेला के निकट मार्ग पर ग्लेशियर आने से धौली नदी पर बना लकड़ी का पुल टूट गया।
पिथौरागढ़/धारचूला/मुनस्यारी, जेएनएन : जिले में मौसम खराब रहा। सुबह बारिश तो दिन में धूप खिलने के बाद सायं को फिर से तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इस दौरान हिमालय की ऊंची चोटियों और उच्च हिमालय में हिमपात हुआ। उधर धारचूला के दारमा घाटी में सेला के पास धौली नदी पर बना पुल बर्फ के दबाव से टूट चुका है। गांव जा रहे ग्रामीणों को वापस लौटना पड़ा। सेला, बौगलिंग और नागलिंग के बीच सड़क पर ग्लेशियर आ चुके हैं।
शुक्रवार सुबह से ही मौसम खराब था। आसमान बादलों से ढका था। सुबह नौ बजे के आसपास बारिश हुई। इस दौरान ठंडी हवाएं बहने से तापमान में गिरावट आ गई। दोपहर बाद मौसम में बदलाव आया दिन में धूप और छांव का खेल चलता रहा।सायं पांच बजे के आसपास से फिर से तेज हवा के साथ बारिश हुई ।
धारचूला : तहसील की उच्च हिमालयी दारमा घाटी में दारमा मार्ग पर सेला , बौगलिंग और नागलिंग के बीच ग्लेशियर खिसक कर आए हैं। इस मार्ग में तीन माह पूर्व ग्लेशियर आ चुका था। इस बीच हल्की धूप पड़ने के कारण अब विशाल हिमखंड सड़क पर आ चुके हैं। जिस कारण मार्ग के लंबे समय तक बंद रहने के आसार हैं। माइग्रेशन करने वाले दारमा घाटी के ग्रामीणों ने इस बीच गांवों में मकान टूटने और भालुओं द्वारा मकान क्षतिग्रस्त करने की संभावना जताई है। ग्लेशियरों के खिसक कर मार्ग में आने से गांव तक पहुंचने में असमर्थता जताते हुए प्रशासन से मार्ग को जल्दी खोलने की मांग की है।
इस बीच उच्च हिमालयी दारमा घाटी के प्रवेश द्वार सेला गांव निवासी गज्जू सेलाल, मगन सिंह सेलाल और गोविंद सेलाल गुरु वार को गांव में बर्फबारी से हुए नुकसान का जायजा लेने गए। इस दौरान तीनों ग्रामीण दो किमी ग्लेशियरों पर जान हथेली में रखकर सेला के पास पहुंचे, परंतु धौली नदी पर बने लकड़ी के सेला पुल के बर्फ के चलते टूटने के कारण वापस लौटना पड़ा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना ग्राम प्रधान सेला सरिता देवी को दी है। ग्राम प्रधान ने यह सूचना एसडीएम एके शुक्ला को दे दी है। ग्रामीणों ने शीघ्र मार्ग खोलने की मांग की है। शीघ्र मार्ग नहीं खुलने पर पर्यटक पंचाचूली ग्लेशियर तक नहीं जा सकेंगे।
मुनस्यारी से मिली जानकारी के अनुसार सुबह बारिश हुई और सायं को फिर से मौसम खराब हो चुका है। इस दौरान ऊंची चोटी पंचाचूली, हंसलिंग, राजरंभा, छिपलाकेदार, नंदा देवी सहित सभी स्थानों पर हिमपात हुआ। ========= तापमान
पिथौरागढ़
न्यूनतम -- 8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम -- 17.6 डिग्री सेल्सिस
मुनस्यारी -
न्यूनतम --- 3 डिग्री सेल्सियस
अधिकतम -- 9 डिग्री सेल्सियस