उत्तराखंड में पूरी तरह बदला आज का मौसम, हुई सीजन की पहली बर्फबारी... बढ़ी ठंड
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में शुक्रवार शाम से भारी बारिश जारी है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और जनजीवन प्रभावित हुआ है।

सीजन की पहली बर्फबारी।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। जिले भर में शुक्रवार सायं से ही मूसलधार वर्षा का दौर जारी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है।
जिले की विभिन्न तहसीलों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। पिथौरागढ़ में सबसे अधिक 56.0 मिमी और कनालीछीना में 55.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
यह भी पढ़ें- आज का मौसम: उत्तराखंड के पांच जिलों में रेड अलर्ट, नैनीताल में रात से लगातार बारिश... आदि कैलास यात्रा रोकी
इसके अलावा देवलथल में 44.0 मिमी, धारचूला में 34.4 मिमी, बंगापानी और डीडीहाट में क्रमशः 28.0 मिमी व 28.8 मिमी वर्षा हुई। थल में 25.0 मिमी, तेजम में 20.0 मिमी, बेरीनाग में 18.2 मिमी, मुनस्यारी में 16.4 मिमी, गंगोलीहाट में 13.0 मिमी और गणाई गंगोली में 11.0 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
सीजन की पहली बर्फबारी
दूसरी ओर, धारचूला की व्यास घाटी, दारमा घाटी और मुनस्यारी की पंचाचूली व हसलिंग के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी शुरू हो गई है। आदि कैलास क्षेत्र धीरे-धीरे बर्फ की सफेद चादर से ढकने लगा है, साथ ही ऊपरी इलाकों में कड़ाके की सर्दी बढ़ गई है।
लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण यातायात व्यवस्था भी बाधित हुई है। मलबा आने से एनएच सहित कुल 11 मोटर मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। सड़क मार्ग बंद होने से जिला मुख्यालय का संपर्क अन्य क्षेत्रों से कट गया है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में विदाई से पहले मानसून एक्टिव, दो दिन भारी बारिश का रेड अलर्ट...सीएम धामी ने दिए सुरक्षा के निर्देश
एहतियात के तौर पर आदि कैलास यात्रा को भी रोक दिया गया है। सायं 6 बजे के बाद एनएच पर घाट से आगे आवाजाही पर पूरी तरह रोक है। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग गास्कू , मलघाट व कूलागाड़ के पास बोल्डर आने से बंद है। वहीं तिब्बत की तकलाकोट मंडी के समीप पर रुंग के पास भी लगातार भारी बर्फबारी हो रही है।
