विवेकानंद विद्या मंदिर व सरस्वती बालिका विद्या मंदिर ओवरऑल चैंपियन
संवाद सहयोगी पिथौरागढ़ सीमात जिले के विद्या भारती के विद्यालयों की तीन दिवसीय संकुल स्तरीय प्र
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़: सीमात जिले के विद्या भारती के विद्यालयों की तीन दिवसीय संकुल स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न हो गई है। बालक वर्ग में विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज व बालिका वर्ग में सरस्वती बालिका विद्या मंदिर पिथौरागढ़ ओवरआल चैंपियन रहे। तीन स्वर्ण पदकों के साथ मुनस्यारी विवेकानंद विद्या मंदिर के लवराज चिराल ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप अपने नाम की।
स्थानीय देवसिंह खेल मैदान पर आयोजित प्रतियोगिता में पिथौरागढ़ संकुल के 138 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया। बालक व बालिका वर्ग के मध्य हुई प्रतियोगिता में ट्रेक व फील्ड पर 40 इवेंट्स हुए। बालक वर्ग में 142 अंकों के साथ विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पिथौरागढ़ व बालिका वर्ग में 70 अंकों के साथ सरस्वती बालिका विद्या मंदिर पिथौरागढ़ ने चैंपियनशिप पर कब्जा जमाया। बालक वर्ग 8000 मीटर दौड़ में विवेकानंद पिथौरागढ़ के हितेश भट्ट व बालिका वर्ग 4000 मीटर दौड़ में मुनस्यारी की मनीषा भंडारी ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका कुमुद कांत जोशी, जगदीश चंद, अशोक जोशी, कमल सिंह अधिकारी, करन सिंह धामी, भाष्कर शर्मा, मनोज भट्ट ने निभाई। विद्यालय के शारीरिक प्रमुख सतीश भट्ट ने कहा कि प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी 19 सितंबर से 21 सितंबर को देहरादून में होने वाली प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। प्रधानाचार्य कृष्णवर्धन जोशी ने खिलाड़ियों को प्रांतीय खेलकूद प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ नपा अध्यक्ष राजेंद्र सिंह रावत ने किया। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक प्रो. बीएस गोबाड़ी, प्रो. जीत सिंह ज्याला, पूरन चंद्र जोशी, रेखा जोशी, गंगा बिष्ट आदि मौजूद रहे।