नगर पंचायत अध्यक्ष लोहाघाट का वाहन रोका
लॉकडाउन में बगैर अनुमति के वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है।
संवाद सूत्र, गंगोलीहाट: लॉकडाउन में बगैर अनुमति के वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट डॉ. सौरव गहरवार के निर्देश पर बेरीनाग तहसील प्रशासन ने नगर पंचायत अध्यक्ष लोहाघाट के वाहन को बेरीनाग में ही रोक दिया है। नगर पंचायत अध्यक्ष को अनुमति पत्र जारी होने के बाद ही वापस जाने दिया जाएगा।
नगर पंचायत अध्यक्ष लोहाघाट लता वर्मा, पत्नी गोविंद वर्मा अपने बच्चों और देवर नरेश वर्माके साथ बीते 21 मार्च को बेरीनाग आई थीं। नरेश वर्मा का बेरीनाग में ससुराल है। 22 मार्च को जनता कर्फ्यू और 23 मार्च से लॉकडाउन होने से वह बेरीनाग में ही ठहरे थे। लॉकडाउन के बीच गुरुवार की सुबह लता बेरीनाग से अपने मायके कांडा बागेश्वर को रवाना हुए, मगर बेरीनाग से कांडा के लिए उनके पास वाहन पास नहीं था। नायब तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि अनुमति पत्र नहीं होने से नगर पंचायत अध्यक्ष लोहाघाट के वाहन को बेरीनाग में रोका गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष को अनुमति पत्र के लिए आवेदन करने को कहा गया है।