काली नदी में गिरी कार में सवार पांच लोगों में से दो की मौत
जौलजीबी-झूलाघाट मोटर मार्ग पर हंसेश्वर मठ के पास हुई कार दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई।
संवाद सूत्र, तीतरी/झूलाघाट: जौलजीबी-झूलाघाट मोटर मार्ग पर हंसेश्वर मठ के पास हुई कार दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक भाजपा के कार्यकर्ता हैं। तीन घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें एक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है।
बीती रात्रि एक वैगनार कार जौलजीबी से पीपली को जा रही थी। हंसेश्वर मठ के पास कार अनियंत्रित होकर काली नदी के सूरजकुंड में समा गई। देर रात एसएसबी जवानों ने कार में सवार पांच लोगों में से चार को निकालकर सड़क तक पहुंचाया जहां से उन्हें 108 एंबुलेंस के जरिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। पांचवां व्यक्ति लापता हो गया था। एंबुलेंस से अस्पताल भेजे घायलों में बसंत कुमार उम्र 37 वर्ष ने मार्ग में ही दम तोड़ दिया। तीन अन्य घायल कुंदन सिंह उम्र 45, बहादुर सिंह उम्र 46 और विनय प्रसाद थपलियाल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। इनमें बहादुर सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
शनिवार को एसएसबी और अस्कोट पुलिस की टीम पांचवें लापता व्यक्ति संजू ग्याला की खोजबीन में जुटी रही। घटनास्थल से लगभग 30 किमी. दूर बाराकोट के पास काली नदी में नेपाल की ओर एक शव बरामद हुआ। जिसकी शिनाख्त संजू ग्याला के रू प में हुई। नेपाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय बैतड़ी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजनों को सौंपा जाएगा। इस दुर्घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है। सामाजिक कार्यकर्ता मनोहर सिंह, ललित महर, बिज्जू धामी, गंभीर महर, होशियार सिंह धामी, लक्ष्मण सिंह धामी, ग्राम प्रधान भूपेंद्र राम भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों को श्रद्धांजलि दी है।