पिथौरागढ़ जिले में तीन दिन बाद खिली धूप, दसवें दिन छोटे वाहनों के लिए खुला थल-मुनस्यारी मार्ग
पिथौरागढ़ जिले में तीन दिन बाद धूप के दर्शन हुए। मौसम खुलने से लोगों ने राहत की सांस ली।
पिथौरागढ़, जेएनएन : सीमांत जिले पिथौरागढ़ में तीन दिन बाद धूप के दर्शन हुए। मौसम खुलने से लोगों को खासी राहत मिली। मुनस्यारी तहसील मुख्यालय को जोड़ने वाली सड़क सायं दसवें रोज हल्के वाहनों के लिए खोल दी गई। अलबत्ता बड़े वाहन संचालित नहीं हो सके। लोक निर्माण विभाग ने बुधवार को बंद सड़क के दोनों और से मशीनें लगा दी हैं।
बुधवार को मौसम साफ रहा। हल्के बादल छाए रहे और ठंडी हवा चलती रही। धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली। बाजारों में चहल-पहल रही। सीमांत तहसील मुनस्यारी में भी तीन दिन बाद धूप के दर्शन हुए। कड़ाके की ठंड से जूझ रहे लोगों को इससे कुछ राहत मिली। बर्फीली हवाओं के चलते ठंड का असर बना हुआ है। थल मुनस्यारी मोटर मार्ग दसवें रोज दिन में भी नहीं खुल सका। कालामुनी से मुनस्यारी की ओर 2700 मीटर हिस्सा बर्फ से पटा पड़ा है। ढाई से तीन फीट तक जमा बर्फ को हटाने में लोनिवि को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। बीते रोज एसडीएम के निरीक्षण के बाद सक्रिय हुए लोक निर्माण विभाग ने बुधवार को बंद पड़ी सड़क खोलने के लिए मशीनरी बढ़ा दी है। सड़क बंद होने से लोगों को वाया जौलजीवी आवागमन करना पड़ रहा है। ======== 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप मुनस्यारी: सीमांत तहसील मुनस्यारी के 50 से अधिक गांवों की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। भारी हिमपात से मुनस्यारी में कई विद्युत पोल धराशायी हो गए हैं, विद्युत तार टूटे पड़े हैं। बर्फ गलने के बाद सही स्थिति सामने आएगी। इसके बाद ही विभाग क्षतिग्रस्त विद्युत पोल और तार बदलने का कार्य शुरू करेगा। तब तक ग्रामीणों को अंधेरे में ही रात बितानी पड़ेगी।