हिमपात ने रोका नंदा देवी में रेस्क्यू कार्य
जासं पिथौरागढ़ नंदा देवी में बीते माह लापता सात विदेशी पर्वतारोहियों और एक भारतीय लाइजन अफ
जासं, पिथौरागढ़: नंदा देवी में बीते माह लापता सात विदेशी पर्वतारोहियों और एक भारतीय लाइजन अफसर की खोज में चल रहे रेस्क्यू अभियान पर मौसम ने ब्रेक लगा दिया है। मौसम खराब रहने और सुबह तक नंदा देवी में हिमपात होने से मंगलवार को रेस्क्यू कार्यक्रम नहीं चल सका।
लापता पर्वतारोहियों की खोज में आइटीबीपी के नेतृत्व में गया रेस्क्यू दल 4800 मीटर की ऊंचाई पर स्थित नंदा देवी बेस कैंप दो पर हैं। जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि रेस्क्यू दल इस स्थान पर अभ्यास कर रहा है। 17 जून से चला यह अभ्यास 20 जून तक जारी रहेगा। शेड्यूल के अनुसार 20 जून के बाद आगे का कार्यक्रम चलेगा। इधर सोमवार की रात और मंगलवार की सुबह नंदा देवी में हिमपात से रेस्क्यू कार्य नहीं हुआ । उच्च हिमालय से मिली जानकारी के अनुसार वहां अभी भी मौसम खराब है। मौसम अभी फिलहाल खराब रहने के ही संकेत दे रहा है। यदि मौसम जल्दी नहीं सुधरा तो रेस्क्यू कार्य संचालन में दिक्कत आ सकती है। ताजा हिमपात के बाद एवलांच आने की संभावना बढ़ जाती है।
इधर आइटीबीपी द्वारा मुनस्यारी से रेस्क्यू दल के लिए नंदा देवी बेस कैंप तक किरोसिन तेल और बुखारी भेजी जा रही है। वहां पर तापमान शून्य से नीचे होने केकारण कैंप में इसकी आवश्यकता पड़ती है। किरोसिन तेल के सहारे बुखारी जलाकर रात को कैंप में तापमान बनाए रखा जा सकता है। यह सामान मुनस्यारी से नंदा देवी बेस कैंप तक पहुंचाया जा रहा है। गुरु वार तक सामान बेस कैंप तक पहुंच जाएगा।