सादगी से मनाया आर्मी पब्लिक स्कूल का रजत जयंती समारोह
पिथौरागढ़ में जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल का रजत जयंती समारोह कोविड-19 के कारण सादगीपूर्ण ढंग से मनाया गया।
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : जनरल बीसी जोशी आर्मी पब्लिक स्कूल का रजत जयंती समारोह कोविड-19 के चलते सादगीपूर्वक मनाया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने इस बार घर पर ही रहकर आनलाइन रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ के सहयोग से बनाई गई संस्थापक जनरल बिपिन चंद्र जोशी की प्रतिमा का अनावरण किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कर्नल संदीप कुमार, विशिष्ट अतिथि ले. कर्नल पुष्पेंद्र व जूनियर एपीएस की प्रभारी प्रधानाचार्या सुनीता चौहान ने संयुक्त रू प से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। एपीएस के प्रभारी प्रधानाचार्य रवींद्र सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया और जनरल जोशी के विद्यालय को दिए योगदान पर प्रकाश डाला।
संगीत शिक्षक हरीश जोशी के निर्देशन में विद्यार्थियों ने अपने घरों से आनलाइन गीतों की प्रस्तुति दीे। समारोह के दौरान विद्यालय की सुनीता कापड़ी, विमला खड़ायत व सुरेंद्र सिंह को उनके 25 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर सम्मानित किया गया। साथ ही विगत वर्ष बोर्ड परीक्षा में जनपद के टापर रहे छात्र प्रवण पंत को अभिभावकों की मौजूदगी में सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर शिक्षक संजीव मसीह ने आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के आयोजन में पुस्तकालयाध्यक्ष पंकज पंत, भगवान जोशी, विनय कुमार भट्ट, ममता पांडेय, गणेश जोशी व प्रशंसा सिंह का विशेष योगदान रहा।