जनसमस्याओं को लेकर गणतंत्र दिवस से होगा सत्याग्रह
संवाद सूत्र, पिथौरागढ़ : जनसमस्याओं के समाधान में शासन-प्रशासन के ढुलमुल रवैये से आक्रोशि
संवाद सूत्र, पिथौरागढ़ : जनसमस्याओं के समाधान में शासन-प्रशासन के ढुलमुल रवैये से आक्रोशित सामाजिक कार्यकर्ता गणतंत्र दिवस से तीन दिवसीय सत्याग्रह शुरू करेंगे। उन्होंने जिले के लोगों से सत्याग्रह में बढ़चढ़ कर भागीदारी का आह्वान किया है।
सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जोशी एमएल ने प्रेस को जारी बयान में कहा कि पिथौरागढ़ नगर में आज तक गैस की होम डिलीवरी शुरू नहीं हो पाई है, गैस एजेंसियां होम डिलीवरी के नाम पर पैसा वसूल कर उपभोक्ताओं की जेब काटी जा रही है। नगर में एटीएम व्यवस्था का हाल बेहाल है। लोगों को अपना पैसा निकालने के लिए एटीएम के चक्कर काटने पड़ते हैं। नगर की पार्किंग व्यवस्था का समाधान आज तक नहीं हो पाया है। पार्किंग निर्माण की गति बेहद धीमी है। हवाई सेवा, रई झील और थरकोट झील के मामले अधर में लटके हुए हैं। बेस अस्पताल का निर्माण भी आज तक पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि बार-बार मांग करने के बाद भी शासन-प्रशासन का रवैया ढीला ढाला है। जनता को खुद ही आगे आना होगा। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी से नगर के गांधी चौक में तीन दिवसीय सत्याग्रह का आयोजन होगा। इसमें सामूहिक उपवास, मौन व्रत, सिलेंडर मार्च और एटीएम कार्ड होली दहन कार्यक्रम किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता के लिए व्यापक जनसम्पर्क अभियान चलाया जा रहा है।