करंट से सांसत में रही जान
संवाद सूत्र, झूलाघाट : नेपाल सीमा से लगे झूलाघाट कस्बे में अचानक कई घरों में बिजली का करंट दौड़ने लगा
संवाद सूत्र, झूलाघाट : नेपाल सीमा से लगे झूलाघाट कस्बे में अचानक कई घरों में बिजली का करंट दौड़ने लगा। दीवारों से लेकर बर्तनों में तक करंट आने से खलबली मच गई। परिवारजनों ने घरों से बाहर दौड़ लगा कर जान बचाई। ऊर्जा निगम घरों में आ रहे करंट का पता लगाने में जुटा है।
शुक्रवार सुबह झूलाघाट के पुरानी बाजार में एक दर्जन से अधिक मकानों में करंट दौड़ने लगा। दीवारों में छूते ही करंट लगने लगा। बर्तन धोने के दौरान कुछ महिलाओं को करंट के झटके लगे। इसे देखते हुए घर में रखे बर्तनों को छूकर देखा तो उनमें भी करंट दौड़ रहा था। पुरानी बाजार में आसपास के दर्जन भर मकानों में करंट दौड़ने को लेकर हड़कंप मच गया। जिन घरों में करंट दौड़ रहा था उन मकानों में रहने वाले लोगों ने घरों से बाहर दौड़ लगा दी । क्षेत्र के समाज सेवी चंद्रशेखर भट्ट, ग्राम प्रधान सुरेंद्र आर्या, ललित मोहन भट्ट, दिवाकर भट्ट आदि ने इसकी सूचना ऊर्जा निगम को दी ।
झूलाघाट में बीते दिनों ही तीन फेज वाली पुरानी बिजली लाइन बदली गई है। तीन तारों के स्थान पर एक ही तार है जिसमें तीन केबिल लगी हैं। अवर अभियंता हरीश कुमार ने बताया कि पोलों में लगे डिब्बे छोटे हैं। ठीक लाइन के नीचे पेयजल लाइन भी गुजरती है। जिसे देखते हुए झूलाघाट की बिजली आपूर्ति काट कर लाइनमैन भेजे गए हैं। लाइन मैन फॉल्ट ढूंढने में लगे हैं। यहां पर विगत तीन चार दिनों से घरों में हल्का करंट महसूस हो रहा था। शुक्रवार को करंट अधिक होने से खलबली मची है। कस्बेवासियों ने इसके लिए ऊर्जा निगम को जिम्मेदार ठहराया है। लाइन के पूरी तरह सुरक्षित नहीं होने पर विभाग के खिलाफ आंदोलन की धमकी दी है।