बारिश, ओलावृष्टि और हिमपात से बढ़ी ठिठुरन
पिथौरागढ़ विगत कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद सोमवार को मौसम ने फिर पलटी मार दी।
पिथौरागढ़ : विगत कुछ दिनों तक मौसम साफ रहने के बाद सोमवार को मौसम ने फिर पलटी मार दी। सोमवार को जहां उच्च हिमालय में जहां हिमपात हुआ वहीं अन्यत्र बारिश हुई। शाम को पिथौरागढ़ तहसील के जाख क्षेत्र में ओलावृष्टि हुई। एक बार फिर मौसम खराब होने से ठिठुरन बढ़ चुकी है।
सोमवार सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा था। सुबह से ही हिमालय की ऊंची चोटियों पर हिमपात हो रहा था। मुनस्यारी सहित आसपास के क्षेत्रों में मूसलधार बारिश हुई जबकि जिले के अन्य क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। दोपहर बाद उच्च हिमालयी दारमा, व्यास और जोहार में भी हिमपात हुआ। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग पर छियालेख से आगे हिमपात जारी है। दिन भर ठंडी हवा बहने से तापमान में गिरावट आ चुकी है। लोग गर्म कपड़े पहनने को मजबूर हो गए हैं। सायं को पिथौरागढ़ तहसील क्षेत्र के जाख, पुरान, मेलडुंगरी, रावल गांव, सेरी , चमाली आदि क्षेत्रों में भारी ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि से फसल, फलों और शाक सब्जी को नुकसान हुआ है। वहीं जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में बारिश हुई। बारिश के चलते बाजारों में सुनसानी छा गई। बाजार जल्दी बंद हो गए।
ओपी अवस्थी