उत्तराखंड की वनराजी महिलाओं का ऐतिहासिक कदम, कभी जंगलों में कैद... अब खुले मंच पर प्रतिभा का प्रदर्शन
उत्तराखंड की आदिम वनराजी जनजाति की महिलाएं, जो कभी जंगलों तक सीमित थीं, अब समाज की मुख्यधारा में शामिल हो रही हैं।

वनराजी परिवार की महिलाओं ने पहली बार डीडीहाट (पिथौरागढ़) में चल रहे महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ओपी अवस्थी, पिथौरागढ़। उत्तराखंड की एकमात्र आदिम जनजाति की महिलाएं कभी जंगलों से बाहर ही नहीं निकलतीं थीं। समय का चक्र घूमा, दौर बदला और अब ये महिलाएं समाज की मुख्यधारा की ओर बढ़ चली हैं। सशक्त होने लगी हैं। वनराजी परिवार की महिलाओं ने पहली बार डीडीहाट (पिथौरागढ़) में चल रहे महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
इससे पहले इस समुदाय की महिलाएं कभी भी सार्वजनिक मंच पर नहीं उतरी थी। जनजाति को मजबूत करने के लिए सरकार के प्रयास भी रंग लाते दिख रहे हैं। पिथौरागढ़ व चंपावत जिले के दस गांवों में रह रही करीब 1200 सदस्यों वाली यह आदिम जनजाति बड़े बदलाव का संकेत दे रही है।
कभी घने जंगलों व गुफाओं तक सिमटी रहने वाला वनराजी समाज इतिहास बनने के कगार पर था। स्वच्छंद जीवन जीने वाली और प्रकृति के बेहद करीब रहने वाली इस जनजाति को वन अधिनियम लागू होने के बाद अपनी काष्ठकला छोड़नी पड़ी। शिकार का हुनर भी अपराध बन गया।
समाज के पुरुष जंगल से कंद-मूल व फल आदि का इंतजाम करते थे और महिलाएं गुफाओं या फिर कच्चे घरों में ही कैदा रहती थीं। भूमि व भवन विहीन जनजाति को सिर छुपाने से लेकर, संक्रामक रोग, कुपोषण व बाल मृत्यु जैसे संकट सहने पड़े। 1990 के आसपास इनकी जनसंख्या मात्र 600 रह गई थी। तब सामाजिक चिंतकों का मानना था कि समाज कभी भी विलुप्त हो सकता है। यह चिंता सामाजिक संगठनों, एनजीओ व सरकार तक भी पहुंचीं और बदलाव व बेहतरी के प्रयास शुरू हुए।
पूर्व विधायक बोरा ने शिक्षा से की बदलाव की शुरुआत
वर्ष 1989-90 में तत्कालीन उत्तर प्रदेश में पिथौरागढ़ से विधायक हीरा सिंह बोरा ने सामाजिक संस्था बनाकर जनताति समाज के उत्थान के लिए शिक्षा की नींव रखी। उन्होंने जौलजीबी में स्कूल खुलवाया और बाद में यहां छात्रावास भी तैयार किया गया। लेकिन तब भी वनराजी गांवों से बच्चे स्कूल न के बराबर पहुंच रहे थे। इस बीच अस्कोट निवासी रेणु ठाकुर ने अर्पण संस्था के माध्यम से वनराजी समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षिक उत्थान पर काम शुरू किया।
खासकर महिलाओं की क्षमता को देख जागरूक किया। पैरा लीगल वालेंटियर (पीएलवी) खीमा जेठी ने महिलाओं को बैठक के माध्यम से एकजुट किया और उनके अधिकार व सरकार की योजनाओं के बारे में बताया। महिलाओं को बैठकों में अपनी बात रखने को प्रेरित किया। फिर महिलाएं स्वयं बैठकों का संचालन करने लगीं, बालक-बालिकाओं को स्कूल भी भेजा जाने लगा। अब स्थिति यह है कि चार बालिकाएं स्नातक कर चुकी हैं और आठ उच्च शिक्षा ग्रहण कर रही हैं। बलुवाकोट आश्रम पद्धति विद्यालय में 20 से अधिक बच्चे पढ़ रहे हैं।
पहली बार वनराजी महिलाओं ने झोड़ा-चांचरी की दी आकर्षक प्रस्तुति
डीडीहाट महोत्सव के तीसरे दिन 25 नवंबर को पहली बार कूटा, चौरानी व मदनपुरी की 20 वनराजी महिलाओं ने महोत्सव में प्रतिभाग किया और झोड़ा-चांचरी की आकर्षक प्रस्तुति दी। नगर पालिका अध्यक्ष गिरीश चुफाल के प्रयास से उन्हें यह मंच मिला। इस दौरान ग्राम प्रधान कमल सिंह रजवार, क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपाल राम, सरपंच कृष्ण सिंह कन्याल, टीम मैनेजर महेश जाजरिया, पूर्व प्रधान महेश कन्याल, लखनऊ विश्वविद्यालय से वनराजी जनजाति पर शोध कर रहीं शुभांगी श्रीवास्तव ने उन्हें प्रोत्साहित किया।
डीडीहाट, धारचूला और कनालीछीना ब्लाक में रहती है जनजाति
सीमांत पिथौरागढ़ जिले के तीन ब्लाकों के किमखोला, भक्तिरवा, गाना गांव, चिफलतरा, ओतड़ी, कुलेख, कुटा चौरानी, कूटा जमतड़ी में समाज के लोग निवास करते हैं। 10-12 परिवार करीब 30 वर्ष पूर्व चंपावत जिले के खिरद्वारी में बस गए।
वर्तमान में इनकी करीब 1200 की आबादी में महिला-पुरुष अनुपात भी समान ही है। इतिहासकारों व मानसखंड के संदर्भों के अनुसार वनराजी समुदाय को प्राचीन किरात परंपरा से जोड़ा जाता है, जो घुमंतु व गुमनाम जीवन जीते थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।