नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर एसपी के साथ टैक्सी यूनियन की वार्ता विफल
पिथौरागढ़ में नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर चल रहा गतिरोध छठे दिन भी नहीं टूटा।
पिथौरागढ़, जेएनएन : नई पार्किंग व्यवस्था को लेकर चल रहा गतिरोध छठे दिन भी नहीं टूटा। पुलिस अधीक्षक के साथ हुई टैक्सी यूनियन की वार्ता में कोई समाधान नहीं निकला। यूनियन ने विधायक से मुलाकात कर पार्किंग व्यवस्था पूर्ववत रखे जाने की मांग की।
गुरुवार को टैक्सी यूनियन संचालकों ने कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन कर पार्किंग व्यवस्था पूर्ववत रखे जाने की मांग की। संचालकों ने कहा कि नई व्यवस्था टैक्सी चालक और आम यात्री दोनों के हितों के खिलाफ है। इससे आम यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी और बैंक ऋण लेकर स्वरोजगार कर रहे टैक्सी चालकों का कारोबार प्रभावित होगा। प्रदर्शन करने वालों में यूनियन अध्यक्ष त्रिलोक महर, नवल किशोर, गणेश जंग, धीरज जंग, बलराज सिंह, कैलाश आदि शामिल थे।
टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों ने आज समस्या का समाधान निकालने के लिए पुलिस अधीक्षक प्रीति प्रियदर्शिनी से वार्ता की और मल्टी स्टोरी पार्किंग टैक्सी यूनियन को सौंपे जाने की मांग की। पुलिस अधीक्षक ने साफ कर दिया कि नई पार्किग व्यवस्था शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण है, इसमें किसी तरह का कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। वार्ता में कोई समाधान नहीं निकल सका। यूनियन पदाधिकारियों ने विधायक चंद्रा पंत से भी मुलाकात कर अपनी समस्या बताई और पुरानी पार्किंग व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग की। यूनियन ने शुक्रवार को वाहनों के कागजों की फोटो प्रतियां जलाने का एलान किया है।