टैक्सी चालक और मालिकों ने किया नगर पालिकाध्यक्ष का घेराव
टैक्सी स्टैंड पिथौरागढ़ नगर की सीमा से बाहर किए जाने से नाराज टैक्सी चालक और मालिकों ने पालिकाध्यक्ष का घेराव किया।
पिथौरागढ़, जेएनएन : टैक्सी स्टैंड नगर की सीमा से बाहर किए जाने से नाराज टैक्सी चालक और मालिकों ने गुरुवार को पालिकाध्यक्ष का घेराव किया। प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए चालकों ने पालिकाध्यक्ष से समस्या का समाधान निकाले जाने की मांग की।
प्रशासन और पुलिस ने नगर में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए टैक्सी स्टैंड नगर से बाहर किए जाने की योजना बनाई है। टैक्सी यूनियन इसका विरोध कर रही है। बुधवार को कलक्ट्रेट के समक्ष प्रदर्शन कर टैक्सी चालकों ने अपनी नाराजगी जताई थी। गुरुवार को टैक्सी यूनियन के बैनर नगर पालिका पहुंचे टैक्सी चालक और मालिकों ने पालिकाध्यक्ष राजेंद्र रावत का घेराव किया। चालकों ने कहा कि वे पिछले बीस वर्षों से नगर में संचालित टैक्सी स्टैंड का शुल्क पालिका को दे रहे हैं। अब उन्हें जबरन नगर से बाहर खदेड़ा जा रहा है। कोविड काल में पहले ही आर्थिक रू प से परेशान चालकों के समक्ष आर्थिक संकट और गहरा जाएगा। चालकों ने मांग की कि टैक्सी स्टैंडों का संचालन पूर्ववत रखा जाए। इसमें किसी भी फेरबदल का पुरजोर विरोध किया जाएगा। चालक टैक्सी संचालन ठप कर देंगे। आम जनता को साथ लेकर आंदोलन चलाया जाएगा। पालिकाध्यक्ष ने इस मामले में सर्वमान्य हल निकालने का भरोसा टैक्सी चालकों और मालिकों को दिया। घेराव करने वालों में यूनियन अध्यक्ष त्रिलोक महर, दीपक लुंठी, नवल किशोर, गणेश जंग, कल्याण सिंह, नरेश मेहता, मुकेश कुमार, चंदू लुंठी आदि शामिल थे।