Uttarakhand Weather Today: कड़ाके की ठंड की दस्तक, पिथौरागढ़ में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश
पिथौरागढ़ में उच्च हिमालयी चोटियों पर हिमपात और निचले इलाकों में हल्की वर्षा से मौसम ने करवट ली है।

उच्च हिमालयी चोटियों पर हिमपात, निचले इलाकों में हल्की वर्षा से लुढ़का पारा. Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण टीम, पिथौरागढ़। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। उच्च हिमालय की चोटियों पर जहां बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है, वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश होने से पूरे जिले में ठंड ने दस्तक दे दी है। मौसम के इस तल्ख मिजाज से तापमान में भारी गिरावट आ चुकी है।
अभी तक की प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले की ऊंची चोटियों नंदा देवी, नंदाकोट, हरदेवल, त्रिशूली, पंचाचूली, वनकटिया, बृजगंग और राजरम्भा सहित अन्य चोटियों पर हिमपात हो रहा है। चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं, निचले क्षेत्रों में घने बादल और कोहरा छाया हुआ है। ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरन काफी बढ़ गई है।
29 मिमी वर्षा रिकार्ड
जनपद के विभिन्न हिस्सों में वर्षा दर्ज की गई है। थल, डीडीहाट, बेरीनाग, बंगापानी, धारचूला, मुनस्यारी और तेजम तहसीलों में वर्षा हुई है। इनमें थल में सबसे अधिक 29 मिमी वर्षा रिकार्ड की गई है। जिला मुख्यालय पिथौरागढ़ में भी हल्की बूंदाबांदी हुई है और वर्षा के आसार बने हुए हैं।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, देहरादून में झमाझम बारिश के साथ आठ जिलों में यलो अलर्ट
तेज सर्द हवाओं और कोहरे के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े हैं। मौसम के जानकारों का मानना है कि यदि मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहा, तो उच्च हिमालय की कुछ अन्य चोटियों पर भी भारी हिमपात होने की प्रबल संभावनाएं बनी हुई हैं। मौसम के चलते इस समय धान और घास कटाई प्रभावित होने के आसार बने हैं।
