पिथौरागढ़ में दारमा घाटी से लौट रहे दो युवकों की स्कूटी उफनते नाले में बही, एक की मौत
पिथौरागढ़ में भारी बारिश के बाद दारमा घाटी से लौट रहे दो युवक स्कूटी समेत बरसाती नाले में बह गए। ...और पढ़ें

HighLights
दारमा घाटी से लौट रहे दो युवक नाले में बहे।
पिथौरागढ़ में भारी बारिश के कारण हुआ हादसा।
एक युवक की मौत, दूसरा घायल, बचाव कार्य जारी।
जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। सीमांत जनपद में भारी बारिश एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। अल्मोड़ा-बेरीनाग-थल मोटर मार्ग पर रविवार देर रात एक बरसाती नाले (गधेरे) के तेज बहाव में स्कूटी सवार दो युवक बह गए।
इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। दोनों युवक दारमा घाटी की यात्रा कर वापस अपने घर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर निवासी दो युवक स्कूटी से दारमा वैली घूमने गए थे। वहां से वापसी के दौरान रविवार देर रात थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरड़ बैंड के पास यह हादसा हुआ। रात में हुई मूसलाधार बारिश से बरड़ और थल के बीच बहने वाला नाला अचानक उफान पर आ गया।
पानी का वेग इतना तेज था कि सड़क पार करते समय स्कूटी सवार दोनों युवक वाहन समेत गधेरे में बह गए। रात का समय और सुनसान इलाका होने के कारण हादसे का तुरंत पता नहीं चल सका।
देर रात जब पुलिस को घटना की सूचना मिली, तब तक मौसम बेहद खराब हो चुका था। भारी बारिश और अंधेरे के कारण रात में बचाव कार्य चलाना संभव नहीं हो सका। सोमवार सुबह होते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से खोज एवं बचाव कार्य शुरू किया।
टीम ने नाले से एक युवक का शव बरामद कर लिया है, जबकि घायल युवक को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया है। शव की शिनाख्त की जा रही है। घटना की सूचना से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
यह भी पढ़ें- 'अशोक सिंघल ने साल 2012 में कही थी नरेंद्र मोदी को देश का नेतृत्व सौंपने की बात'; देहरादून में बोले चंपत राय
